Chandauli News: पड़ाव में नाला सफाई के दौरान हंगामा, युवक बोला सिर्फ खानापूर्ति नहीं चलेगी नाले में बैठ युवक ने रोकी सफाई, प्रशासन से की बड़ी मांग

Newzo

• 10:47 AM • 07 Jul 2026

Chandauli Protest News: पड़ाव में नाला सफाई के दौरान एक युवक नाले में बैठकर विरोध करने लगा. उसने अधूरी सफाई, अतिक्रमण हटाने और निकाले गए मलवे को तुरंत हटाने की मांग की. पुलिस ने समझाकर युवक को नाले से बाहर निकाला. इसके बाद सफाई कार्य दोबारा शुरू हुआ.

 पड़ाव में नाला सफाई के दौरान हंगामा, युवक बोला सिर्फ खानापूर्ति नहीं चलेगी नाले में बैठ युवक ने रोकी सफाई, प्रशासन से की बड़ी मांग

पड़ाव में नाला सफाई के दौरान हंगामा, युवक बोला सिर्फ खानापूर्ति नहीं चलेगी नाले में बैठ युवक ने रोकी सफाई, प्रशासन से की बड़ी मांग

Google CTA

Chandauli News: पड़ाव-बहादुरपुर मार्ग पर मंगलवार को नाला सफाई अभियान के दौरान उस समय हंगामे की स्थिति उत्पन्न हो गई, जब एक युवक नाले में उतरकर बैठ गया और सफाई कार्य का विरोध करने लगा, युवक का कहना था कि प्रशासन केवल औपचारिक सफाई कर रहा है, जबकि बरसात के दौरान क्षेत्र में कई दिनों तक जलभराव की समस्या बनी रहती है. उसने नाले की पूरी लंबाई में प्रभावी सफाई, अतिक्रमण हटाने और निकाले गए मलवे को तत्काल हटाने की मांग की.

यह भी पढ़ें...

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नाले की सफाई के दौरान निकाली गई सिल्ट और मलवा सड़क किनारे ही छोड़ दिया गया था, इसे लेकर ग्रामीणों और दुकानदारों में नाराजगी बढ़ गई. उनका कहना था कि यदि मलवा समय पर नहीं हटाया गया तो बारिश होने पर वही दोबारा नाले में भर जाएगा और पूरी सफाई का कोई लाभ नहीं मिलेगा.

विरोध के दौरान युवक नाले के अंदर बैठ गया और प्रशासन से मांग करने लगा कि केवल दिखावे के लिए सफाई न कराई जाए, बल्कि नाले को पूरी तरह साफ कराया जाए. उसने कहा कि यह विरोध किसी राजनीतिक कारण से नहीं, बल्कि क्षेत्र के लोगों की वर्षों पुरानी समस्या को लेकर है.

सूचना मिलते ही जलीलपुर चौकी प्रभारी अजय यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने युवक को काफी देर तक समझाने का प्रयास किया और शांतिपूर्वक नाले से बाहर आने की अपील की. काफी मशक्कत और बातचीत के बाद युवक नाले से बाहर आया, जिसके बाद सफाई कार्य दोबारा शुरू कराया गया. इस दौरान पुलिस ने धैर्य और सूझबूझ से स्थिति को नियंत्रित रखा, जिससे कोई अप्रिय घटना नहीं हुई.

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की कि नाले की पूरी लंबाई में नियमित और प्रभावी सफाई कराई जाए, अतिक्रमण हटाया जाए तथा निकाले गए मलवे का तत्काल उठान सुनिश्चित किया जाए. उनका कहना है कि बरसात के मौसम में अधूरी सफाई के कारण जलभराव की समस्या गंभीर रूप ले लेती है, जिससे आवागमन बाधित होता है और स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है.