Chandauli News: गुरु पूर्णिमा, पड़ाव में श्रद्धा-भक्ति के साथ मनाया गया गुरु पूर्णिमा महोत्सव, हजारों श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद

Newzo

• 04:33 PM • 29 Jul 2026

Chandauli Guru Purnima Celebration: पड़ाव स्थित सर्वेश्वरी सेवा संघ में गुरु पूर्णिमा महोत्सव श्रद्धा और भक्ति के माहौल में मनाया गया. प्रदेशभर से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने गुरु पूजन, हवन और भंडारे में भाग लिया. करीब 4 से 5 हजार लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया और गुरु-शिष्य परंपरा के महत्व का संदेश सुना.

गुरु पूर्णिमा, पड़ाव में श्रद्धा-भक्ति के साथ मनाया गया गुरु पूर्णिमा महोत्सव, हजारों श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद

गुरु पूर्णिमा, पड़ाव में श्रद्धा-भक्ति के साथ मनाया गया गुरु पूर्णिमा महोत्सव, हजारों श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद

Google CTA

Chandauli News: पड़ाव स्थित पूज्य माँ श्री सर्वेश्वरी सेवा संघ, जलीलपुर परिसर में बुधवार को गुरु पूर्णिमा महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास के साथ मनाया गया. महोत्सव में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने गुरु के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की और आशीर्वाद प्राप्त किया.

यह भी पढ़ें...

महोत्सव का शुभारंभ सुबह पांच बजे श्रमदान से हुआ. इसके बाद कलश यात्रा, ध्वजारोहण और गंगा स्नान का आयोजन किया गया.  श्रद्धालुओं ने "अघोरान्ना परो मंत्रः, नास्ति तत्त्वं गुरोः परम्" का जाप करते हुए भव्य कलश यात्रा निकाली, जो परम पूज्य श्री अघोरेश्वर महाप्रभु की चरण पादुका तक पहुंचकर संपन्न हुई. इसके बाद पूज्य गुरु बाबा एवं बाबा अनिल रामजी ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन-पूजन और ध्वजा पूजन कराया.

दिनभर गुरु दर्शन, पूजन और विशाल भंडारे का आयोजन चलता रहा. भंडारे में करीब चार से पांच हजार श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया. शाम को आयोजित विचार गोष्ठी में पूज्य गुरु बाबा ने कहा कि गुरु पूर्णिमा अघोर परंपरा का सबसे महत्वपूर्ण पर्व है. गुरु ही शिष्य को अज्ञान के अंधकार से निकालकर ज्ञान और आत्मबोध के प्रकाश की ओर ले जाता है. उन्होंने कहा कि गुरु के प्रति पूर्ण श्रद्धा, समर्पण और उनके बताए मार्ग का अनुसरण करने वाला साधक ही परम ज्ञान और ईश्वरीय कृपा का अधिकारी बनता है.

इस अवसर पर संत अनिल बाबा ने भी श्रद्धालुओं को संबोधित किया और गुरु-शिष्य परंपरा की महत्ता पर प्रकाश डाला. उन्होंने कहा कि सनातन परंपरा में गुरु का स्थान सर्वोच्च है. गुरु के मार्गदर्शन पर चलकर ही मानव जीवन का वास्तविक कल्याण संभव है.

कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय गौ रक्षा वाहिनी की ओर से माता अन्नपूर्णा के भव्य भंडारे का भी आयोजन किया गया. प्रदेश प्रभारी प्रिंस कुमार जायसवाल ने बताया कि बाबा विश्वनाथ की कृपा से आयोजित इस सेवा कार्य में बड़ी संख्या में नगरवासियों और श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया.

इस अवसर पर डॉ. हर्षवर्धन सिंह, डॉ. आर.के. सिंह (पूर्व सदस्य, डाक सेवा, संचार मंत्रालय), श्रीमती वीणा झा, डॉ. पी.के. सिंह, अधिवक्ता बी.एन. सिंह, डॉ. अशोक मिश्र, ओम प्रकाश सिंह, डॉ. राजेश चौहान, प्रशांत कुमार तिवारी सहित अघोरेश्वर गुरुकुल के शिक्षक, छात्र और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे.