उत्तर प्रदेश के बरेली में सड़क पर उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक पति ने अपनी पत्नी को एक अन्य युवक के साथ कार में रंगे हाथों पकड़ लिया. इसके बाद सड़क के बीचों-बीच हाई-वोल्टेज ड्रामा शुरू हो गया. गुस्से से आगबबूला पति ने सरेआम पत्नी और उसके कथित प्रेमी के साथ मारपीट और गाली-गलौज की. इस दौरान पति चिल्लाता रहा 'तुझे शर्म नहीं आई? तुझे किसी चीज की कमी करी थी मैंने?' मौके पर मौजूद लोगों ने इस ड्रामे का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया. वीडियो का संज्ञान लेते हुए पुलिस अब मामले की जांच में जुट गई है.
ADVERTISEMENT
पति को लंबे समय से था शक
पूरा मामला बरेली के बहेड़ी थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है. जानकारी के मुताबिक पति को काफी समय से अपनी पत्नी के किसी अन्य युवक के साथ अवैध संबंध होने का शक था. इसी शक के आधार पर वह पत्नी की गतिविधियों पर नजर रख रहा था. घटना वाले दिन जब उसने पत्नी का पीछा किया तो वह एक युवक के साथ कार में बैठी दिखाई दी. कार देखते ही पति का सब्र जवाब दे गया और उसने बीच सड़क पर ही गाड़ी रुकवा ली.
'मेरी क्या गलती है...' प्रेमी देता रहा सफाई
कार रुकवाते ही पति का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया. उसने कार में मौजूद युवक और अपनी पत्नी दोनों को बाहर निकालकर मारपीट शुरू कर दी. कार में बैठा युवक खुद को बेकसूर बताते हुए कहता रहा 'अरे भाई मेरी क्या गलती है? मैं कहीं नहीं लेके जा रहा था.' लेकिन पति और उसके साथ मौजूद लोग उस पर बरस पड़े. इस दौरान पति के साथ आए युवक से सलमान नाम के शख्स का वीडियो बनाने को कहा गया. सड़क पर काफी देर तक चले इस हंगामे को देखने के लिए राहगीरों की भारी भीड़ जमा हो गई.
मामले पर पुलिस की कार्रवाई
सड़क पर हुई इस गुथमगुत्थी और हंगामे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद स्थानीय पुलिस हरकत में आई है. बहेड़ी पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो का संज्ञान लिया गया है. हालांकि अभी तक किसी भी पक्ष की तरफ से कोई लिखित शिकायत या तहरीर नहीं दी गई है. पुलिस के मुताबिक अगर कोई पीड़ित पक्ष तहरीर देता है तो उसके आधार पर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल वीडियो के आधार पर जांच जारी है.
ADVERTISEMENT











