उत्तर प्रदेश के बरेली से एक ऐसा सनसनीखेज मामला सामने आया है जिसने पुलिस और जेल प्रशासन के होश उड़ा दिए हैं. पॉक्सो एक्ट के मामले में जेल में बंद एक महिला कैदी ने जिला अस्पताल में तैनात पुलिस अभिरक्षा को ऐसा चकमा दिया कि सब देखते रह गए. सलवार-सूट पहनकर टॉयलेट के अंदर गई महिला कैदी ने अपने कपड़े वहीं छोड़े, बुर्का पहना और सुरक्षाकर्मियों के सामने से ही फिल्मी स्टाइल में रफूचक्कर हो गई.
ADVERTISEMENT
जब काफी देर तक वह बाहर नहीं आई और पुलिसकर्मियों ने अंदर जाकर देखा तो खूंटी पर केवल उसके कपड़े टंगे मिले. इस बड़ी लापरवाही पर एसएसपी ने ड्यूटी पर तैनात दो महिला सिपाहियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है.
अदालत में पेशी के दौरान बिगड़ी थी तबीयत
इज्जतनगर के गांव तुलाशेरपुर की रहने वाली 48 साल की ममता को फरीदपुर पुलिस ने दिसंबर 2025 में पॉक्सो एक्ट के तहत गिरफ्तार कर जेल भेजा था. वह केंद्रीय कारागार-2 (केसरपुर) में बंद थी. 31 अगस्त को उसे कोर्ट में पेशी के लिए लाया गया था जहां अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई. इसके बाद उसे पुलिस अभिरक्षा में बरेली के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उसकी निगरानी के लिए पुलिस लाइन से दो महिला कांस्टेबलों को तैनात किया गया था.
रेकी कर बनाई भागने की योजना
अस्पताल में भर्ती रहने के दौरान आरोपी ममता बार-बार टॉयलेट जाने का बहाना बना रही थी. उसके बार-बार आने-जाने से सुरक्षा में लगीं महिला पुलिसकर्मी भी असहज हो गई थीं. माना जा रहा है कि इस दौरान उसने सुरक्षा व्यवस्था की रेकी कर ली थी. शाम के वक्त जब दोनों महिला सिपाही खाना खाने बैठीं, तब ममता ने मौका पाकर फिर से टॉयलेट जाने की बात कही. पुलिसकर्मियों ने लापरवाही बरतते हुए उसे अकेले ही टॉयलेट जाने दिया.
बुर्का पहनकर हुई गायब
काफी समय बीत जाने के बाद भी जब ममता वापस नहीं लौटी तो खाना खा रहीं सिपाहियों की नींद टूटी. वे टॉयलेट के पास पहुंचीं और दरवाजा खोलकर देखा तो उनके पांव तले जमीन खिसक गई. टॉयलेट खाली था और ममता के पहने हुए कपड़े वहीं टंगे थे. आरोपी महिला अंदर ही बुर्का पहनकर भेष बदलते हुए अस्पताल से बाहर निकल चुकी थी.
फरार होने के बाद बेटे को किया फोन
घटना के कुछ ही देर बाद ममता का बेटा केशव उसे खोजते हुए जिला अस्पताल पहुंचा. उसने पुलिस को बताया कि उसकी मां ने किसी अनजान व्यक्ति के मोबाइल से फोन किया था और कहा 'मैं बाहर आ गई हूं, अब अपना मामला स्वयं देख लूंगी.' इस फोन कॉल के बाद पुलिस को शत-प्रतिशत यकीन हो गया कि महिला अस्पताल से फरार हो चुकी है.
दो महिला सिपाही सस्पेंड
मामले में गंभीर लापरवाही सामने आने के बाद एसएसपी ने सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात दोनों महिला सिपाहियों को सस्पेंड कर दिया है. थाना कोतवाली में संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है. फरार महिला की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें बनाई गई हैं जो उसके संभावित ठिकानों और रिश्तेदारों के घर लगातार दबिश दे रही हैं.
ये भी पढ़ें: RAC मिल गया? सीट शेयर नहीं करना चाहते तो मिलेगा पूरा रिफंड! कई लोग नहीं जानते रेलवे का ये नियम
ADVERTISEMENT











