Amethi News: घर बुलाया, पीटा और फिर गला रेत दिया... अमेठी में 22 वर्षीय युवक की हत्या से हड़कंप

Newzo

• 10:25 AM • 04 Aug 2026

Amethi Youth Murder Case: गौरीगंज में 22 वर्षीय युवक की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई. परिजनों ने घर बुलाकर हमला करने और गला रेतने का आरोप लगाया. इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई. पुलिस ने तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है और मामले की हर पहलू से जांच कर रही है.

 घर बुलाया, पीटा और फिर गला रेत दिया... अमेठी में 22 वर्षीय युवक की हत्या से हड़कंप

घर बुलाया, पीटा और फिर गला रेत दिया... अमेठी में 22 वर्षीय युवक की हत्या से हड़कंप

Google CTA

Amethi Youth Murder Case: गौरीगंज कोतवाली क्षेत्र में 22 वर्षीय युवक की घर बुलाकर धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई. गंभीर रूप से घायल युवक की जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई. घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने हंगामा किया, जिसे पुलिस अधिकारियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने समझाकर शांत कराया. पुलिस ने तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.

यह भी पढ़ें...

घटना गौरीगंज कस्बे के वार्ड नंबर-17, पूरे बान कटरा लालगंज की है। मृतक अंकित कश्यप सोमवार देर शाम पड़ोस में रहने वाले लोगों के बुलावे पर उनके घर गया था. परिजनों का आरोप है कि वहां पहले उसकी पिटाई की गई और फिर धारदार हथियार से उसका गला रेत दिया गया. चीख-पुकार सुनकर पहुंचे परिजन उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे. प्राथमिक उपचार के बाद उसे एम्स रायबरेली रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई.

घटना से गुस्साए परिजनों ने अस्पताल और क्षेत्र में हंगामा किया। सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेंद्र कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी गौरीगंज और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची. भाजपा नेता दीपक सिंह ने भी परिजनों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया. पुलिस ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिया.

मृतक के परिजनों ने पड़ोस के रहने वाले सुखई यादव समेत अन्य लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है. पुलिस ने तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि अन्य की तलाश में दबिश दी जा रही है.

पुलिस की प्रारंभिक जांच में दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश सामने आई है. स्थानीय लोगों के अनुसार अंकित ने करीब चार वर्ष पहले दूसरी जाति की युवती से प्रेम विवाह किया था, जिसके बाद से दोनों पक्षों के बीच विवाद चलता आ रहा था. पुलिस प्रेम विवाह, पुरानी रंजिश और अन्य संभावित कारणों सहित सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है.

एएसपी ज्ञानेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी. तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है. तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है तथा अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है. मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है.