Amethi Ankit Kashyap Murder Case: अमेठी के गौरीगंज में सोमवार को हुए अंकित कश्यप हत्याकांड के बाद बुधवार की दोपहर शव रखकर गौरीगंज-अमेठी हाईवे जाम करने और पुलिस पर पथराव करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. उपनिरीक्षक कृपाशंकर यादव की तहरीर पर आठ नामजद और 20-25 अज्ञात पुरुषों व महिलाओं के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की अलग अलग धाराओं में मुकदमा दर्ज की गई है. आरोप है कि प्रदर्शनकारियों ने करीब तीन घंटे तक हाईवे जाम रखा,पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की,सरकारी कार्य में बाधा डाली और पुलिस टीम पर ईंट-पत्थर फेंके. घटना में तीन उपनिरीक्षक भी चोटिल हुए हैं.
ADVERTISEMENT
दरसअल बीते सोमवार को अंकित कश्यप की गला काटकर निर्मम हत्या कर दी गई थी.घटना के बाद परिवार और ग्रामीण शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया था.पुलिस के अनुसार अंकित कश्यप के अंतिम संस्कार से पहले परिजन, रिश्तेदार और ग्रामीण शव को सड़क पर रखकर प्रदर्शन करने लगे. इससे गौरीगंज-अमेठी मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह ठप हो गया.
पुलिस ने कई बार प्रदर्शन समाप्त कर मार्ग खाली कराने का प्रयास किया, लेकिन भीड़ नहीं मानी. आरोप है कि इस दौरान पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता की गई, जान से मारने की धमकी दी गई और ईंट-पत्थर फेंके गए.उपनिरीक्षक कृपाशंकर यादव की तहरीर पर राज, विजय सिंह, प्रीतम, प्रभाकर मिश्रा, हरिकिशन शुक्ला उर्फ निक्की, गौरीशंकर, विजय पासी और संतोष सहित 20-25 अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है. मामले की विवेचना उपनिरीक्षक वीरेन्द्र कुमार पाल को सौंपी गई है.
घटना में घायल उपनिरीक्षक कृपाशंकर यादव, रामकरन सिंह और शिवेंद्र प्रताप सिंह का जिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया गया. पुलिस का कहना है कि वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी.
ADVERTISEMENT











