उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (UPESSC) ने शिक्षक पात्रता परीक्षा यानी UPTET का रिजल्ट घोषित कर दिया है. इस परीक्षा में 13 लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने सफलता हासिल की है. प्राथमिक स्तर (कक्षा 1 से 5) में 80.07 प्रतिशत और उच्च प्राथमिक स्तर (कक्षा 6 से 8) में 71.85 प्रतिशत उम्मीदवार पास हुए हैं. परीक्षा में शामिल अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट upessc.up.gov.in पर अपना रिजल्ट देख सकते हैं.
ADVERTISEMENT
नॉर्मलाइजेशन प्रक्रिया से तैयार हुआ रिजल्ट
आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि अभ्यर्थियों की भारी संख्या (करीब 19.94 लाख) को देखते हुए परीक्षा का आयोजन प्रदेश के 60 जिलों के 955 केंद्रों पर 3 दिनों (5 पालियों) में कराया गया था. परीक्षा अलग-अलग पालियों में आयोजित होने के कारण परिणाम तय नियमों के अनुसार नॉर्मलाइजेशन की प्रक्रिया अपनाकर तैयार किया गया है.
प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्तर के आंकड़े
प्राथमिक स्तर (कक्षा 1 से 05): परीक्षा में शामिल कुल 7,13,648 अभ्यर्थियों में से 5,71,435 (80.07%) अभ्यर्थी उत्तीर्ण घोषित किए गए हैं.
उच्च प्राथमिक स्तर (कक्षा 6 से 08): परीक्षा में शामिल कुल 10,57,021 अभ्यर्थियों में से 7,59,513 (71.85%) अभ्यर्थियों ने सफलता प्राप्त की है.
कार्यरत शिक्षकों का प्रदर्शन भी रहा शानदार
पहले से कार्यरत शिक्षकों ने भी इस परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन किया है. प्राथमिक स्तर पर परीक्षा देने वाले 1,22,405 कार्यरत शिक्षकों में से 93,387 (76.29%) शिक्षक पास हुए. उच्च प्राथमिक स्तर पर शामिल 1,46,394 कार्यरत शिक्षकों में से 1,13,384 (77.45%) शिक्षकों ने सफलता हासिल की.
अब आगे की प्रक्रिया क्या है
UPTET केवल एक पात्रता परीक्षा (Qualifying Exam) है. इसे पास करने के बाद आपको सीधे नौकरी नहीं मिलती बल्कि आप उत्तर प्रदेश के सरकारी प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में शिक्षक भर्ती प्रक्रिया के लिए योग्य हो जाते हैं. अब सफल उम्मीदवारों को आगे इन प्रक्रियाओं से गुजरना होगा.
डिजिलॉकर से डाउनलोड करें डिजिटल ई-सर्टिफिकेट
1.परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों की मार्कशीट और पात्रता प्रमाण पत्र (e-Certificate) जल्द ही डिजिलॉकर ऐप और पोर्टल पर अपलोड कर दिया जाएगा.
2.अभ्यर्थी अपने आधार कार्ड / रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से लॉगिन करके इसे डाउनलोड और सेव कर लें.यह सर्टिफिकेट अब आजीवन मान्य है.
उत्तर प्रदेश शिक्षक भर्ती (Super TET) का इंतजार और तैयारी
सफल उम्मीदवार अब बेसिक शिक्षा परिषद द्वारा निकाली जाने वाली सहायक अध्यापक भर्ती परीक्षा (Super TET) के लिए योग्य हो गए हैं.
प्राथमिक (कक्षा 1 से 5) और उच्च प्राथमिक (कक्षा 6 से 8) विद्यालयों में शिक्षकों के रिक्त पदों पर भर्ती के लिए उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (UPESSC) द्वारा जल्द ही नई भर्ती प्रक्रिया की अधिसूचना जारी की जाएगी.
Super TET परीक्षा पैटर्न समझें
सहायक अध्यापक बनने के लिए उम्मीदवारों को 'Super TET' की लिखित परीक्षा में शामिल होना होगा.इसमें 150 नबंर का पेपर होगा जिसमें हिंदी, अंग्रेजी/संस्कृत, गणित, विज्ञान, पर्यावरण व सामाजिक अध्ययन, शिक्षण कौशल, बाल मनोविज्ञान, सामान्य ज्ञान व समसामयिक घटनाएंतार्किक ज्ञान और सूचना प्रौद्योगिकी से जुड़े सवाल पूछे जाएंगे. परीक्षा में आयोग द्वारा एक न्यूनतम कट-ऑफ अंक तय किया जाता है जिसे प्राप्त करना अनिवार्य होता है.
अंतिम चयन और मेरिट लिस्ट
सहायक अध्यापकों के पद पर अंतिम चयन सुपर टेट में प्राप्त अंकों और शैक्षणिक गुणांक (Academic Weightage) के आधार पर तैयार मेरिट लिस्ट से होता है.
शैक्षणिक गुणांक (Academic Marks): हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, स्नातक और डी.एल.एड. (BTC) / बी.एड. के प्राप्तांकों का तय प्रतिशत.
लिखित परीक्षा गुणांक: Super TET लिखित परीक्षा के अंकों का वेटेज.
केंद्रीय विद्यालयों के लिए क्या करना होगा
अगर आप केंद्र सरकार के विद्यालयों (KVS, NVS, EWS) में भी आवेदन करना चाहते हैं तो UPTET के साथ-साथ CTET (Central Teacher Eligibility Test) की तैयारी भी जारी रख सकते हैं.
सफल अभ्यर्थियों के लिए अगली रणनीति
अपने सभी शैक्षणिक प्रमाणपत्र (10वीं से लेकर ग्रेजुएशन व B.Ed/BTC), UPTET सर्टिफिकेट, जाति/निवास प्रमाण पत्र अपडेट रखें.
परिणाम घोषित होने के बाद आयोग जल्द ही भर्ती प्रक्रिया का विज्ञापन जारी कर सकता है. इसलिए बिना समय गंवाए सुपर टेट परीक्षा के Syllabus के अनुसार तैयारी शुरू कर दें.
पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न हुई परीक्षा
आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने कहा कि 19 लाख से अधिक पंजीकृत अभ्यर्थियों वाली इस बेहद विशाल और चुनौतीपूर्ण परीक्षा को पूरी निष्पक्षता, कड़ी सुरक्षा और पारदर्शिता के साथ संपन्न कराया गया.
ये भी पढ़ें: ये तो बस शुरुआत है, अभी और... गोगी गैंग ने ली सिंगर अंकित बालियान के हत्या की जिम्मेदारी, बताई वजह
ADVERTISEMENT











