यूपी पुलिस एसआई भर्ती परीक्षा के दूसरे दिन की पहली पाली शुरू हो चुकी है. परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के इतने कड़े इंतजाम हैं कि चप्पे-चप्पे पर तलाशी ली जा रही है.अभ्यर्थियों को न केवल एडमिट कार्ड और आधार कार्ड की जांच से गुजरना पड़ रहा है बल्कि किसी भी तरह की इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस या नकल सामग्री को रोकने के लिए उनके जूते तक उतरवाकर चेक किए जा रहे हैं. यूपी Tak ने परीक्षा केंद्र पर मौजूद उन अभ्यर्थियों से बात की जो दूर-दराज के जिलों से अपनी किस्मत आजमाने प्रयागराज पहुंचे हैं.
ADVERTISEMENT
पिछली बार चूक गए थे इस बार है पूरी उम्मीद
गाजीपुर से आए अभ्यर्थी मनीष कुमार सिंह ने बताया कि उनकी तैयारी काफी समय से चल रही है. उन्होंने कहा 'पिछली बार मैं थोड़े नंबरों से चूक गया था.लेकिन इस बार मुझे पूरा कॉन्फिडेंस है कि परीक्षा निकल जाएगी.' मनीष जैसे कई अभ्यर्थी हैं जो पिछले अनुभवों से सीख लेकर इस बार पूरी तैयारी के साथ आए हैं.
मेहनत और डर का मिला-जुला भाव
गाजीपुर के ही सैदपुर से आए एक अन्य अभ्यर्थी ने बताया कि वे पिछले 5-6 महीनों से लगातार मेहनत कर रहे हैं. परीक्षा के डर पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि डर तो स्वाभाविक है कि प्रश्न कैसे आएंगे.लेकिन उम्मीद है कि सबकी मेहनत रंग लाएगी और परीक्षा बिना किसी विघ्न के सकुशल संपन्न होगी.
सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम
सीएवी इंटर कॉलेज केंद्र पर सुरक्षा व्यवस्था बेहद सख्त दिखी. हर अभ्यर्थी की कॉलर, पॉकेट और यहाँ तक कि कानों की भी जांच की जा रही है ताकि कोई छोटी डिवाइस अंदर न जा सके. धांधली रोकने के लिए पुलिसकर्मी अभ्यर्थियों के जूते उतरवाकर उनकी बारीकी से चेकिंग कर रहे हैं. एडमिट कार्ड के साथ आधार कार्ड का मिलान और बायोमेट्रिक प्रक्रिया को कड़ाई से लागू किया गया है. अभ्यर्थियों ने पुलिस प्रशासन की इस मुस्तैदी की सराहना की. उनका मानना है कि कड़ी चेकिंग से ही मेहनत करने वाले छात्रों को न्याय मिलेगा और नकल माफियाओं पर लगाम लगेगी. परीक्षा केंद्रों पर पुलिसकर्मी हर गतिविधि पर पैनी नजर बनाए हुए हैं.
ADVERTISEMENT









