IBPS Clerk Vacancy 2026: उत्तर प्रदेश के युवाओं के लिए बैंक में नौकरी करने का शानदार मौका है. इंस्टीट्यूट ऑफ बैंकिंग पर्सनेल सिलेक्शन (IBPS) ने क्लर्क के पदों पर बड़ी भर्ती निकाली है. देशभर के करीब 11 बड़े सरकारी बैंकों के लिए 11,403 पदों पर भर्ती निकाली गई है. इसमें सबसे ज्यादा 1,731 पद अकेले उत्तर प्रदेश के लिए निर्धारित किए गए हैं. इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 1 अगस्त 2026 से शुरू हो चुकी है. जो उम्मीदवार बैंक में नौकरी करना चाहते हैं, वे 21 अगस्त 2026 तक आधिकारिक वेबसाइट ibps.in पर जाकर अपना फॉर्म भर सकते हैं. इस भर्ती में कोई इंटरव्यू नहीं होगा, उम्मीदवारों का चयन केवल प्रीलिम्स और मेन्स परीक्षा के आधार पर किया जाएगा.
ADVERTISEMENT
भर्ती से जुड़ी जरूरी तारीखें
क्लर्क भर्ती के लिए आवेदन 1 अगस्त से शुरू हो गए हैं और फॉर्म भरने की आखिरी तारीख 21 अगस्त 2026 है. फॉर्म में सुधार करने के लिए दो दिन का समय दिया जाएगा. प्रीलिम्स की परीक्षा 10 और 11 अक्टूबर 2026 को होगी. इसके बाद मेन्स की परीक्षा 27 दिसंबर 2026 को आयोजित की जाएगी.
आवेदन के लिए जरूरी पात्रता नियम
इस भर्ती अभियान में शामिल होने के लिए उम्मीदवारों को निम्नलिखित योग्यताओं को पूरा करना होगा.
शैक्षणिक योग्यता: उम्मीदवार के पास किसी भी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से किसी भी विषय में स्नातक (Bachelor's Degree) की डिग्री होनी चाहिए.
आयु सीमा: आवेदक की न्यूनतम आयु 20 वर्ष और अधिकतम आयु 28 वर्ष होनी चाहिए.
आवेदन करने का आसान तरीका
अगर आप इस भर्ती के लिए योग्य हैं, तो नीचे दिए गए स्टेप्स को फॉलो करके आसानी से अपना आवेदन जमा कर सकते हैं.
- सबसे पहले आईबीपीएस (IBPS) की आधिकारिक वेबसाइट ibps.in पर जाएं.
- वेबसाइट के होमपेज पर दिए गए 'CRP CSA-XVI' रजिस्ट्रेशन लिंक पर क्लिक करें.
- अपना चालू मोबाइल नंबर और एक सही ईमेल आईडी डालकर अपना रजिस्ट्रेशन पूरा करें.
- इसके बाद स्क्रीन पर खुले आवेदन फॉर्म में मांगी गई अपनी सभी जानकारी बिल्कुल सही-सही भरें.
- फॉर्म में मांगे गए सभी जरूरी दस्तावेजों को बताए गए साइज के अनुसार अपलोड करें.
- अपनी श्रेणी (जैसे- जनरल, ओबीसी, एससी या एसटी) के अनुसार आवेदन फीस का ऑनलाइन भुगतान करें.
- पूरी जानकारी को एक बार अच्छे से चेक करने के बाद अपना आवेदन फॉर्म सबमिट कर दें.
- भविष्य में जरूरत पड़ने के लिए कन्फर्मेशन पेज को डाउनलोड करें और उसका एक प्रिंट आउट जरूर निकाल कर रख लें.
वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क राशि
उम्मीदवारों को अंतिम तिथि से पहले आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा. यह शुल्क किसी भी स्थिति में वापस नहीं किया जाएगा.
सामान्य (General) और अन्य वर्ग: 850 रुपये
एससी (SC), एसटी (ST) और दिव्यांग (PwD): 175 रुपये
राज्य और वर्ग अनुसार कुल रिक्तियां
इस भर्ती के तहत देश भर के राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में कुल 11,403 पद भरे जाएंगे. सभी क्षेत्रों में सबसे ज्यादा 1,731 पद उत्तर प्रदेश में हैं. इसके बाद कर्नाटक में 1,414, महाराष्ट्र में 1,051 और पश्चिम बंगाल में 946 पद तय किए गए हैं.
भर्ती में शामिल बैंकों की सूची
इस क्लर्क भर्ती के माध्यम से देश के 11 सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों में नियुक्तियां की जाएंगी.
- बैंक ऑफ इंडिया
- सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया
- पंजाब नेशनल बैंक
- यूनियन बैंक ऑफ इंडिया
- बैंक ऑफ महाराष्ट्र
- इंडियन बैंक
- पंजाब एंड सिंध बैंक
- बैंक ऑफ बड़ौदा
- केनरा बैंक
- इंडियन ओवरसीज बैंक
- यूको बैंक
क्लर्क पद का वेतन और भत्ते
आईबीपीएस क्लर्क का शुरुआती बेसिक पे 24,050 रुपये प्रति माह होता है. बेसिक पे के अलावा इसमें महंगाई भत्ता (Dearness Allowance), मकान किराया भत्ता (House Rent Allowance), मेडिकल भत्ता और ट्रांसपोर्ट भत्ता भी शामिल होता है. इन सभी भत्तों को मिलाकर कुल ग्रॉस सैलरी (Gross Salary) 40,720.34 रुपये प्रति माह बनती है.
यह भी पढ़ें: यूपी में दिव्यांगों के सपनों को मिलेगी उड़ान! 3 से 10 अगस्त तक इन जिलों में चलेगा 'दिव्यांगजन रोजगार अभियान 3.0'
ADVERTISEMENT











