OTR Registration: उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई है. उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने मंगलवार यानी 14 जुलाई 2026 से UPSSSC द्वारा आयोजित सभी प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) अनिवार्य कर दिया है. आयोग के मुताबिक भविष्य में होने वाली प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET) सहित सभी भर्ती परीक्षाओं में शामिल होने के लिए उम्मीदवारों को OTR कराना अनिवार्य होगा.
ADVERTISEMENT
यदि आप भी किसी भर्ती परीक्षा का इंतजार कर रहे हैं तो आयोग की ऑफिशियल वेबसाइट upsssc.gov.in पर जाकर तुरंत OTR कर लें. इस नई व्यवस्था को लागू करने का मकसद छात्रों को बार-बार फॉर्म भरने से आजादी दिलाना है. जानिए OTR से जूड़ी जरूरी जानकारी.
1. बार-बार फॉर्म भरने से मिलेगा छुटकारा
OTR के जरिए रजिस्ट्रेशन करने का सबसे बड़ा फायदा यह है कि उम्मीदवारों को हर परीक्षा के लिए बार-बार अपनी पूरी जानकारी नहीं भरनी होगी. आपकी सभी जरूरी महत्वपूर्ण जानकारी पोर्टल पर सेव रहेगी. जब भी कोई नई भर्ती निकलेगी, तो आपको केवल आवेदन फीस जमा करनी होगी और इसके साथ ही कुछ अतिरिक्त जानकारी भरनी होगी. OTR प्रक्रिया पूरी तरह से मुफ्त है. OTR करने लिए आयोग किसी भी तरह का शुल्क नहीं ले रहा है.
2. मोबाइल और ईमेल का होगा सत्यापन
इस रजिस्ट्रेशन के लिए उम्मीदवार के पास वैध मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी होना जरूरी है. ओटीपी (OTP) के जरिए इन दोनों का सत्यापन किया जाएगा. जिन छात्रों ने पीईटी-2025 (PET) के लिए पहले से आवेदन किया हुआ है, उन्हें भी अपने उसी पुराने पंजीकरण नंबर के आधार पर अपना ओटीआर पूरा करना अनिवार्य है.
3. फोटो और हस्ताक्षर के खास नियम
फॉर्म भरते समय उम्मीदवारों को अपनी पिछले 6 महीने के अंदर वाली एक रंगीन फोटो अपलोड करनी होगी, जिसका साइज 50 से 100 KB के बीच होना चाहिए. वहीं, हस्ताक्षर हिंदी या अंग्रेजी में किए जा सकते हैं, लेकिन अंग्रेजी के बड़े अक्षरों (Capital Letters) में किए गए हस्ताक्षर मान्य नहीं होंगे. हस्ताक्षर के ठीक नीचे उम्मीदवार को अपने हाथ से हिंदी में अपना नाम भी लिखना होगा और इसका साइज 30 से 50 KB के बीच होना चाहिए.
4. OTR के लिए आवश्यक विवरण
OTR करते समय अपनी मूल दस्तावेजों के आधार पर ही फॉर्म में अपना नाम, माता-पिता का नाम, जन्मतिथि, राज्य, गृह जनपद, हाईस्कूल योग्यता और पता जैसी जानकारी भरनी होगी.
5. जानकारी भरने में बरतें पूरी सावधानी
OTR नंबर एक बार जनरेट हो जाने के बाद, दर्ज की गई जानकारी में किसी भी तरह का बदलाव या सुधार नहीं किया जा सकेगा. इसलिए फॉर्म को फाइनल सबमिट करने से पहले अपनी सभी जानकारी को अच्छे से चेक कर लें. इसके साथ ही आयोग ने चेतावनी दी है कि गलत या भ्रामक जानकारी देने पर आवेदन रद्द किया जा सकता है. इसलिए जो भी मूल दस्तावेज हैं, उसी के आधार पर OTR करते समय पूरा विवरण भरें. आयोग ने OTR से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण जानकारी अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दी है.
6. एक छात्र का एक ही ओटीआर
प्रत्येक उम्मीदवार के लिए केवल एक ही ओटीआर नंबर मान्य होगा. अगर किसी अभ्यर्थी ने एक से ज्यादा ओटीआर बनाए हैं, तो उसका रजिस्ट्रेशन रद्द किया जा सकता है. इसके साथ ही सभी छात्रों को अपने लॉगिन की जानकारी गुप्त रखनी होगी, इसके दुरुपयोग के लिए आयोग जिम्मेदार नहीं होगा. फॉर्म भरने की पूरी प्रक्रिया वेबसाइट पर उपलब्ध है. अगर किसी भी छात्र को कोई शंका या परेशानी है, तो वह आयोग की हेल्पलाइन या आधिकारिक ईमेल के जरिए अपनी समस्या का समाधान पा सकता है.
ADVERTISEMENT











