Kunda Pratapgarh News: प्रतापगढ़ के कुंडा इलाके से एक युवक की बेरहमी से पिटाई का वीडियो वायरल होने के बाद उत्तर प्रदेश की सियासत गरमा गई है. समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस घटना को लेकर सरकार और पुलिस प्रशासन पर तीखा हमला बोला है. अखिलेश यादव ने एक वीडियो का जिक्र करते हुए इसे 'पीडीए' (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) पर 'प्रभुत्ववादियों' का हमला करार दिया है. उन्होंने आरोप लगाया कि वर्चस्ववादी लोग नहीं चाहते कि कोई उनकी सच्चाई जगजाहिर करे, इसलिए पीड़ित के साथ ऐसा भयावह व्यवहार किया गया.
ADVERTISEMENT
जानकारी के अनुसार, 18 साल के निखिल यादव को मंगलवार दोपहर करीब 2:30 बजे आरोपी कार में बिठाकर तीनपड़वा इलाके में ले गए, जहां उसे पेड़ से बांधकर बेरहमी से पीटा गया. अखिलेश यादव ने इस घटना को लेकर पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं. उन्होंने पुलिस के एक पुराने ट्वीट का स्क्रीनशॉट साझा करते हुए 'लीपापोती' का आरोप लगाया और कहा कि पुलिस ने पहले झूठी कार्रवाई की पोस्ट डाली और फिर उसे हटा लिया. अखिलेश ने इस मामले में तत्काल न्यायिक संज्ञान और सख्त दंडात्मक कार्रवाई की मांग की है.
प्रतापगढ़ पुलिस ने इस पूरे विवाद पर स्पष्टीकरण देते हुए बताया है कि यह घटना 5 मई 2026 की है. पुलिस के मुताबिक, पीड़ित निखिल यादव की तहरीर के आधार पर थाना कुंडा में एक नामजद आरोपी युवराज सिंह और तीन अज्ञात के खिलाफ मुकदमा संख्या 136/2026 के तहत गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है. पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश के लिए सक्रिय प्रयास किए जा रहे हैं और जल्द ही अग्रिम विधिक कार्यवाही पूरी की जाएगी. चर्चा है कि पीड़ित परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वे पहले एफआईआर नहीं करा पाए थे, लेकिन मामला सोशल मीडिया पर उछलने के बाद प्रशासन सक्रिय हुआ है.
ADVERTISEMENT









