निकाह में गिफ्ट की गई THAR में पति ने मारी गोली, फिर नहर में फेंकी लाश; अदीला रहमान हत्याकांड का सच आया सामने!

जगत गौतम

• 09:30 AM • 25 Jul 2026

मुरादाबाद के चर्चित अदीला रहमान हत्याकांड में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है. पुलिस के मुताबिक, हैदराबाद में एलएलबी की छात्रा अदीला की हत्या उसी THAR में की गई, जो उसने निकाह के बाद पति को गिफ्ट की थी. आरोप है कि पति ने गोली मारकर शव रुड़की की नहर में फेंक दिया. मामले की जांच जारी है.

Adila Rahman Murder Case

Adila Rahman Murder Case (Photo Enhanced By AI)

Google CTA

Adila Rahman Murder Case: मुरादाबाद की चर्चित अदीला रहमान हत्याकांड में पुलिस जांच के दौरान कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं. पुलिस के मुताबिक, हैदराबाद से एलएलबी की पढ़ाई कर रही अदीला रहमान की हत्या उसी THAR कार में की गई, जिसे उसने निकाह के बाद अपने पति को गिफ्ट किया था. आरोप है कि पति ने कार के अंदर उसकी कनपटी पर तमंचा सटाकर गोली मार दी. इसके बाद शव को उत्तराखंड के रुड़की ले जाकर नहर में फेंक दिया. मामले में पुलिस ने सबूतों और पूछताछ के आधार पर जांच आगे बढ़ाई है.

यह भी पढ़ें...

अप्रैल में हुआ था निकाह

पुलिस जांच में सामने आया कि अदीला रहमान और आरोपी ने अप्रैल महीने में अजमेर जाकर निकाह किया था. हालांकि, इस निकाह की जानकारी अदीला के परिवार को नहीं थी. पुलिस के अनुसार, घटना वाले दिन दोनों मुरादाबाद-लखनऊ-दिल्ली नेशनल हाईवे पर THAR कार में साथ थे. इसी दौरान दोनों के बीच विवाद हुआ और मामला इतना बढ़ गया कि आरोपी ने कथित तौर पर कार के भीतर ही अदीला की कनपटी पर गोली मार दी. हत्या के बाद आरोपी शव को लेकर उत्तराखंड के रुड़की पहुंचा और नहर में फेंककर वापस लौट आया.

खुद को बचाने के लिए किया सरेंडर

पुलिस के मुताबिक वारदात के बाद आरोपी ने THAR कार को अपने घर पर खड़ा कर दिया. अगले ही दिन वह रामपुर के गंज थाने में दर्ज जानलेवा हमले के एक दूसरे मामले में अदालत पहुंचा और सरेंडर कर दिया, ताकि हत्या के मामले में उस पर शक न हो. उधर, 4 जुलाई को रुड़की पुलिस को नहर से एक युवती का शव मिला था. पहचान नहीं होने के कारण शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया. बाद में मुरादाबाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और जांच के आधार पर उसकी पहचान अदीला रहमान के रूप में की.

आरोपी ने बताई हत्या की वजह

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि कार के अंदर दोनों के बीच कहासुनी हुई थी. आरोप है कि बहस के दौरान अदीला ने उसे चप्पल मार दी थी, जिसके बाद उसने गुस्से में हत्या कर दी. अदीला कटघर के कोहिनूर तिराहा निवासी कारोबारी अदिव-उर-रहमान की बेटी थी और हैदराबाद में एलएलबी की पढ़ाई कर रही थी. वह 25 जून को परीक्षा देने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी. काफी तलाश के बाद उसकी मां ने 18 जुलाई को कटघर थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी.

पुलिस का क्या कहना है?

सीएसपी कुमार रणविजय सिंह ने बताया, 'मामले में कटघर के हिस्ट्रीशीटर कुर्बान अली और उसके भाई गुलफाम अली के खिलाफ अपहरण और हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन, THAR वाहन और अन्य फोरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है. आरोपी गुलफाम अली फिलहाल रामपुर जिला कारागार में बंद है. मामले में अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और जांच पूरी होने के बाद आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.'