आम्रपाली दुबे की 'बीवी हो तो ऐसी' का ट्रेलर आउट, फिल्म में विक्रांत सिंह राजपूत के साथ दिखेगी एंटरटेनिंग केमिस्ट्री

यूपी तक

• 10:51 AM • 07 Oct 2026

आम्रपाली दुबे और विक्रांत सिंह राजपूत की भोजपुरी फिल्म ‘बीवी हो तो ऐसी’ का धमाकेदार ट्रेलर रिलीज हो गया है. वकील बनने के सपने, शादी की नोकझोंक, पारिवारिक ड्रामा और सस्पेंस से भरपूर कहानी ने फैंस की उत्सुकता बढ़ा दी है.

Amrapali Dubey

Amrapali Dubey

Google CTA

रियलिटी शो 'बिग बॉस' के घर में अपने बेबाक अंदाज से तहलका मचा रहीं भोजपुरी क्वीन आम्रपाली दुबे अब बड़े पर्दे पर फिर एक बड़ा धमाका करने के लिए तैयार हैं. सुपरस्टार विक्रांत सिंह राजपूत और आम्रपाली दुबे की मच-अवेटेड भोजपुरी फिल्म ‘बीवी हो तो ऐसी’ का 1 मिनट 47 सेकेंड का धमाकेदार ट्रेलर रिलीज हो गया है. 'एडवाइज भोजपुरी सिनेमा' के ऑफिशियल यूट्यूब चैनल पर आउट होते ही ट्रेलर ने फैंस के बीच उत्सुकता बढ़ा दी है. वकील बनने के ख्वाब से शुरू होकर शादी की खट्टी-मीठी उलझनों तक पहुंचने वाली यह कहानी पारिवारिक ड्रामे, इमोशन और ठहाकों का जबरदस्त डोज साबित होने वाली है.

यह भी पढ़ें...

सपना वकील बनने का लेकिन रास्ते में गृहस्थी का ट्विस्ट

ट्रेलर की शुरुआत आम्रपाली दुबे के किरदार के वकील बनने के सपने से होती है. हालांकि कहानी में असली मोड़ तब आता है जब शादी के बाद पति-पत्नी के बिल्कुल अलग स्वभाव और पारिवारिक जिम्मेदारियां आमने-सामने आ खड़ी होती हैं. पति (विक्रांत सिंह राजपूत) और पत्नी के बीच की तकरार और नोकझोंक दर्शकों को हंसने पर मजबूर कर देती है.

ट्रेलर का क्लाइमेक्स काफी सस्पेंस से भरा और मजेदार है जो एक बड़ा सरप्राइज छोड़ जाता है. अब वह असली राज क्या है, इसके लिए दर्शकों को फिल्म के प्रीमियर का इंतजार करना होगा.

नई जोड़ी का नया अंदाज और फैमिली एंटरटेनमेंट का दावा

रेणु विजय फिल्म्स एंटरटेनमेंट प्रा. लि. के बैनर तले बनी इस फिल्म के निर्माता निशांत उज्जवल और निर्देशक सोम भूषण हैं. फिल्म के निर्माता निशांत उज्जवल ने दावा किया है कि यह फिल्म हर वर्ग के दर्शक को सिनेमाघरों से जोड़े रखेगी। आम्रपाली और विक्रांत की ऑनस्क्रीन केमिस्ट्री पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि दोनों ही कलाकारों ने अपने किरदारों को बेहद सहज और असरदार तरीके से निभाया है। यह फिल्म रिश्तों के ताने-बाने को एक नए और मनोरंजक नजरिए से पेश करती है।

स्टार कास्ट, म्यूजिक और टेक्निकल टीम

फिल्म में केवल मुख्य जोड़ी ही नहीं बल्कि कई मंझे हुए कलाकार भी अपनी अदाकारी का जलवा बिखेरते नजर आएंगे. आम्रपाली दुबे और विक्रांत सिंह राजपूत के साथ रोहित सिंह 'मटरू', सुबोध सेठ, इशा भारद्वाज, साहिबा, पल्लवी कोहली और सबा खान अहम किरदारों में हैं. भोजपुरी के वरिष्ठ अभिनेता संजय पांडेय फिल्म में एक खास रोल में नजर आएंगे. फिल्म का संगीत ओम झा और रजनीश मिश्रा ने तैयार किया है. जबकि गीत ओम झा, संतोष पाटिल और शेखर मधु के हैं. फिल्म के सिनेमैटोग्राफर प्रमोद पांडेय और एडिटर जितेंद्र सिंह 'जीतू' हैं. वहीं सह-निर्माता डॉ. संदीप उज्जवल व सुशांत उज्जवल हैं.

ट्रेलर के सामने आने के बाद से ही फैंस के बीच फिल्म को लेकर बज बन गया है और अब हर किसी की नजरें 'बीवी हो तो ऐसी' की प्रीमियर डेट पर टिकी हुई हैं.

ये भी पढ़ें: पवन सिंह और ज्योति सिंह की एक गलती से नाराज कोर्ट ने लगा दिया जुर्माना, इस दिन होगी अगली सुनवाई