बिहार की राजनीति के सबसे दिलचस्प और बेबाक चेहरों में शुमार तेज प्रताप यादव एक बार फिर अपने अंदाज को लेकर सुर्खियों में हैं. हाल ही में रियलिटी शो 'राइज एंड फॉल 2' का हिस्सा बनकर चर्चा बटोरने के बाद पटना लौटे तेज प्रताप ने अपने अंदाज में मीडिया से बातचीत की. जब उनसे पूछा गया कि शो में उन्हें सबसे बेहतरीन किरदार किसका लगा तो उन्होंने बिना किसी झिझक के अपना ही नाम ले लिया. यही नहीं शो की TRP से लेकर बहन रोहिणी आचार्य के पटना आगमन पर दिए गए उनके बयानों ने सोशल मीडिया का पारा चढ़ा दिया है.
ADVERTISEMENT
'सबसे बेहतरीन और अनोखा तो मैं ही था'
पटना पहुंचते ही जब उनसे रियलिटी शो के अनुभव पर सवाल किया गया तो उनका आत्मविश्वास देखते ही बनता था. जब उनसे पूछा गया कि शो 'राइज एंड फॉल' में उन्हें किस कंटेस्टेंट या शख्स का किरदार सबसे अच्छा लगा, तो तेज प्रताप ने मुस्कुराते हुए कहा 'देखिए, वहां सबसे बेहतरीन और अनोखा तो मैं ही था. मेरे जाने के बाद शो चले या न चले, लेकिन मैं यही कहूंगा कि शो चलता रहे और आगे बढ़े.' उनका यह जवाब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसे लोग उनके सिग्नेचर स्टाइल और गजब के स्वैग से जोड़कर देख रहे हैं.
"मेरी वजह से TRP तो बढ़ेगी ही"
शो की लोकप्रियता पर बात करते हुए जब रिपोर्टर ने सवाल किया कि क्या आपकी मौजूदगी से 'राइज एंड फॉल' की TRP बढ़ रही है? इस पर तेज प्रताप यादव ने पूरी दबंगई से जवाब दिया 'वह तो बढ़ेगी ही.. मेरी वजह से ही टीआरपी बढ़ेगी.'
भले ही यह बातचीत हल्के-फुल्के मूड में हुई हो लेकिन तेज प्रताप के इस बयान ने साबित कर दिया कि वे राजनीति के साथ-साथ मनोरंजन के मंच पर भी खुद को बड़ा क्राउड-पुलिंग फैक्टर मानते हैं.
क्यों शो से बाहर हुए तेज प्रताप?
'राइज एंड फॉल 2' में तेज प्रताप यादव की एंट्री ने शुरुआत से ही दर्शकों को खूब आकर्षित किया था. शो के अंदर से उनके कई मजेदार और ठेठ अंदाज वाले वीडियो इंटरनेट पर काफी ट्रेंड कर रहे थे. हालांकि हालिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अपनी राजनीतिक गतिविधियों, कोर्ट-कचहरी और कानूनी जिम्मेदारियों की व्यस्तता के चलते उन्होंने शो से विदाई ले ली है.
ADVERTISEMENT











