रिएलिटी शो बिग बॉस के मंच से सलमान खान ने उम्र, लुक्स और मोटापे को लेकर सेलेब्स को ट्रोल करने वालों की जिस कड़े अंदाज में क्लास लगाई, उसकी गूंज पूरे देश में सुनाई दे रही है. सलमान की इस 'दबंगई' और ट्रोल्स के खिलाफ उठाए गए कड़े स्टैंड ने लाखों दिलों को छू लिया है. इसी बीच भोजपुरी सिनेमा की क्वीन और पूर्व बिग बॉस कंटेस्टेंट मोनालिसा का दर्द भी छलक पड़ा है. सलमान खान का खुलकर शुक्रिया अदा करते हुए मोनालिसा ने अपनी पर्सनल लाइफ का वो कड़वा सच शेयर किया है जिसे पढ़कर किसी का भी दिल पसीज जाए.
ADVERTISEMENT
ट्रोल्स को सलमान खान की सीधी चेतावनी
बिग बॉस के वीकेंड का वार में सलमान खान का पुराना दबंग अंदाज देखने को मिला. जब उन्होंने देखा कि सोशल मीडिया पर सेलेब्स की बढ़ती उम्र और शारीरिक बनावट का मजाक उड़ाया जा रहा है तो उन्होंने ट्रोल्स को सख्त लहजे में चेतावनी दे डाली. सलमान ने साफ कहा कि यह घटिया हरकतें बंद होनी चाहिए वरना इसका अंजाम अच्छा नहीं होगा. सलमान खान का ये वीडियो वायरल होते ही हर कोई उनकी तारीफ करने लगा.
'थैंक्यू सलमान सर...' मोनालिसा का इमोशनल पोस्ट
सलमान खान की इस पहल की मुरीद हुईं एक्ट्रेस मोनालिसा ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर सलमान की एक तस्वीर शेयर की. उन्होंने लिखा 'थैंक्यू सलमान सर... मुझे आप पर बहुत-बहुत गर्व है. आपने जिस तरह महिलाओं का स्टैंड लिया, वह काबिले-तारीफ है. यह पोस्ट उन सभी ट्रोल्स के लिए एक बड़ा 'रियलिटी चेक' है.'
'अनगिनत इलाज, असफलताएं और समाज के ताने...'
मोनालिसा ने अपनी पोस्ट में बताया कि कैसे लोग उन्हें बढ़ती उम्र, बढ़े वजन और मां न बन पाने को लेकर हर दिन निशाना बनाते हैं. साल 2017 में अभिनेता विक्रांत सिंह राजपूत से शादी के बाद से ही वह लगातार इस दिमागी उत्पीड़न को झेल रही हैं.
मोनालिसा ने इमोशनल होकर लिखा 'हमने प्रेग्नेंट होने के लिए अनगिनत इलाज करवाए. इस दौरान शरीर में कई हार्मोनल बदलाव हुए, एंग्जायटी झेली, वजन बढ़ा और इन सबके बाद बार-बार असफलताएं हाथ लगीं. इसके बावजूद लोग संवेदनहीन होकर ताने मारते हैं.' अब तो मां बन जाओ, उम्र हो गई है.'
'उम्र बढ़ना कुदरती है, मुझे कोई मलाल नहीं'
ट्रोल्स को मुंहतोड़ जवाब देते हुए मोनालिसा ने लिखा कि वह अपनी बढ़ती उम्र को बेहद खूबसूरती और सहजता से स्वीकार कर रही हैं. क्योंकि यह एक स्वाभाविक और कुदरती प्रक्रिया है. मोनालिसा की इस सच्चाई से भरी पोस्ट ने उनके फैंस को इमोशनल कर दिया है. लोग कमेंट्स में उन्हें हिम्मत दे रहे हैं और ट्रोल्स को नजरअंदाज कर अपनी जिंदगी को खुशी से जीने की सलाह दे रहे हैं.
ADVERTISEMENT











