राजनीति में कदम रखेंगी अफजाल अंसारी की दोनों बेटियां? नूरिया और मारिया ने कह दी ये बड़ी बात

यूपी तक

• 02:15 PM • 03 Sep 2026

Afzal Ansari Daughters: गाजीपुर सांसद अफजाल अंसारी की बेटियों नूरिया और मारिया ने राजनीति में उतरने का बड़ा संकेत दिया है. दोनों ने कहा कि अगर पिता चाहेंगे तो वे 2027 का विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए तैयार हैं.

Google CTA

Afzal Ansari Daughters: गाजीपुर के सांसद अफजाल अंसारी की बेटियों ने राजनीति में कदम रखने का बड़ा संकेत दिया है. अफजाल अंसारी को उनकी लखनऊ स्थित कुर्क कोठी का कब्जा वापस मिलने के बाद उनकी बेटियों ने दिली इच्छा जाहिर की है. उन्होंने स्पष्ट किया है कि अगर उनके पिता चाहेंगे तो वे राजनीति में जरूर कदम रखेंगी.

यह भी देखें...

2027 में अखिलेश को बनाएंगे सीएम

अफजाल अंसारी की बेटी नूरिया का कहना है कि उनका परिवार 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों में अभी से जुटा हुआ है. उनका मुख्य लक्ष्य समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव को दोबारा उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाना है. नूरिया का मानना है कि राजनीति में आकर जनसेवा करने के लिए इंसान को एक बड़ा और मजबूत प्लेटफार्म मिल जाता है.

पिता के आदेश पर लड़ेंगी चुनाव

राजनीति में सीधे उतरने के सवाल पर दोनों बेटियों, नूरिया और मारिया ने साफ किया कि उनके परिवार के सभी बड़े फैसले उनके पिता ही लेते हैं. मारिया ने कहा कि लोगों के हक के लिए लड़ना उनके परिवार की पुरानी परंपरा है, जिसके लिए राजनीति में आना जरूरी नहीं है. हालांकि, अगर उनके पिता आदेश देंगे, तो वे चुनाव के मैदान में जरूर उतरेंगी.

हाईकोर्ट के आदेश से मिली कोठी

लखनऊ के डालीबाग स्थित अफजाल अंसारी की इस कोठी को अक्टूबर 2022 में गैंगस्टर एक्ट के तहत कुर्क कर लिया गया था. अब अगस्त 2026 में इलाहाबाद हाईकोर्ट ने इस संपत्ति को वापस रिलीज करने का आदेश दिया है. इसी फैसले के बाद सांसद अपनी बेटियों के साथ घर पर कब्जा लेने पहुंचे थे, जहां उन्होंने न्यायपालिका के फैसले की सराहना की है.

घर वापस पाकर भावुक हुआ परिवार

लंबे समय बाद अपनी कोठी वापस मिलने पर अंसारी परिवार बेहद भावुक और खुश नजर आया है. नूरिया ने बताया कि पापा इस पल का बहुत समय से इंतजार कर रहे थे. उन्हें भरोसा था कि वे सच्चाई के रास्ते पर हैं और कोर्ट उनके साथ न्याय करेगा. उन्होंने खुशी जताते हुए कहा कि अब वे अपने बच्चों को भी उनका ननिहाल दिखा सकेंगी.