Varanasi Tak: भैंस के आगे बीन बजाकर BHU ABVP के छात्रों ने बढ़ी फीस के खिलाफ किया प्रदर्शन

रोशन जायसवाल

• 09:21 AM • 19 Oct 2022

वाराणसी स्थित काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) में फीस वृद्धि को लेकर पिछले कई दिनों से अलग-अलग छात्र संगठनों की तरफ से विरोध का दौर जारी…

Google CTA

वाराणसी स्थित काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) में फीस वृद्धि को लेकर पिछले कई दिनों से अलग-अलग छात्र संगठनों की तरफ से विरोध का दौर जारी है. इसी कड़ी में मंगलवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की बीएचयू इकाई की तरफ से एक अनूठा विरोध दर्ज कराया गया.

यह भी देखें...

बीएचयू के विश्वनाथ मंदिर के बाहर जुटे दर्जनों की संख्या में एबीवीपी के छात्रों ने भैंस के आगे बीन बजाकर विश्वविद्यालय के मौन रवैया को उजागर किया. छात्रों ने इस दौरान अपने साथ फीस वृद्धि से संबंधित बैनर और तख्तियो को भी ले रखा था.

भैंस पर बकाया बीएचयू कुलपति लिखा हुआ था और उसके आगे छात्र बीन बजाते हुए दिखाई पड़ रहे थे. छात्रों के इस अनोखे विरोध के पीछे वजह यह बताई गई कि जिस तरह से भैंस के आगे बीन बजाते रहने से भैंस को किसी तरह का फर्क नहीं पड़ता. उसी तरह विश्वविद्यालय में भी चारों तरफ छात्र अलग-अलग अपने तरीकों से बढ़े फीस के विरोध में प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन इसका तनिक भी असर कुलपति पर नहीं पड़ रहा है. अगर ऐसा ही चलता रहा है तो उनका विरोध भी रोजाना जारी रहेगा.

काशी हिन्दू विश्वविद्यालय इकाई के ABVP इकाई मंत्री पुनीत मिश्र ने कहा,

“विश्वविद्यालय प्रशासन फीस वृद्धि पर सफेद झूठ बोल रहा है. अगर फीस वृद्धि हुई नहीं तो सत्र 2021 के विद्यार्थियो से बढ़ी हुई फीस क्यों वसूली गई? विश्वविद्यालय प्रशासन लीपापोती करने के बजाय जल्द से जल्द फीस वृद्धि वापस ले. हमारा आंदोलन फीस वृद्धि वापस लेने तक जारी रहेगा. प्रशासन द्वारा इस पूरे प्रकरण पर कोई सकारात्मक पहल नहीं की जा रही है. इस स्थिति में आज भैंस के आगे बीन बजा कर विरोध जताया गया और प्रदर्शित किया गया कि भैंस की भांति ही प्रशासन को विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों की आवाज को अनसुना कर रहा है.”

पुनीत मिश्र

इस मामले से जुड़ी वीडियो रिपोर्ट को खबर की शुरुआत में शेयर किए गए Varanasi Tak के वीडियो पर क्लिक कर देखें.