अखिलेश यादव ने दिल्ली में CJP नेता आशुतोष रांका से की मुलाकात, इन मुद्दों पर बंद कमरे में हुई बातचीत

यूपी तक

• 04:26 PM • 04 Sep 2026

Ashutosh Ranka or Akhilesh Yadav Meeting: सपा प्रमुख अखिलेश यादव और सीजेपी नेता आशुतोष रांका की दिल्ली में मुलाकात हुई है. शिक्षा, रोजगार और छात्र हितों पर हुई बातचीत को 2027 विधानसभा चुनाव से पहले युवाओं को साधने की रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है.

Google CTA

Ashutosh Ranka or Akhilesh Yadav Meeting: समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव और सीजेपी नेता आशुतोष रांका की एक बंद कमरे में मुलाकात हुई है. इस मुलाकात ने सियासी गलियारों में हलचल तेज कर दी है. इस मुलाकात के बाद सवाल उठ रहे हैं कि क्या अखिलेश 2027 के यूपी विधानसभा चुनाव से पहले युवाओं और छात्रों को साधने के लिए कोई बड़ी राजनीतिक रणनीति तैयार कर रहे हैं.

यह भी देखें...

अखिलेश से मिले आशुतोष रांका

दिल्ली में दलित लड़की निशु आजाद के पिता पर हुए हमले के मामले में सीजेपी लगातार पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने पर विरोध जता रही है. इस मामले में स्वतंत्र भारद्वाज का एक वीडियो भी वायरल हुआ था. इन सबके बीच सीजेपी नेता आशुतोष रांका अपने सात सहयोगियों के साथ अखिलेश यादव से मिलने पहुंचे. दोनों नेताओं के बीच कई घंटों तक बंद कमरे में शिक्षा, रोजगार और छात्र हितों से जुड़े अहम मुद्दों पर बातचीत हुई है.

सपा ने दी मुलाकात की जानकारी

सपा प्रवक्ता फखरुल हसन चांद ने इस मुलाकात पर सफाई देते हुए इसे राजनीतिक न बताकर आभार व्यक्त करने की मुलाकात बताया है. उन्होंने कहा कि जंतर-मंतर पर सीजेपी के प्रदर्शन के दौरान सपा सांसदों और खुद डिंपल यादव ने छात्रों का समर्थन किया था. अखिलेश यादव ने भी सदन में छात्रों की आवाज उठाई थी. इसी समर्थन के लिए आशुतोष रांका अखिलेश यादव को धन्यवाद देने पहुंचे थे.

युवाओं को साधने की कोशिश में अखिलेश

राजनीति में मुलाकातों के कई मायने निकाले जाते हैं. अखिलेश यादव लगातार युवा वोटरों तक अपनी पैठ मजबूत करने में जुटे हैं. सीजेपी के साथ उनकी इस निकटता को भी इसी कोशिश का हिस्सा माना जा रहा है. अखिलेश ने निशु आजाद मामले में भी बीजेपी सरकार पर निशाना साधते हुए पूछा था कि क्या सरकार अपराधियों की पैरोकार है? इससे पहले राजस्थान में आशुतोष रांका पर हुए कथित हमले का मुद्दा भी अखिलेश ने उठाया था. अब देखना होगा कि 2027 चुनाव से पहले क्या सपा और सीजेपी शिक्षा और रोजगार के मुद्दे पर एक साथ मंच साझा करते हैं.