उत्तर प्रदेश में 25 IPS अधिकारियों के तबादले के बाद बाराबंकी को नया पुलिस कप्तान मिला है. लखनऊ कमिश्नरेट में DCP की जिम्मेदारी संभाल रहीं IPS अधिकारी रवीना त्यागी को बाराबंकी का नया पुलिस अधीक्षक (SP) बनाया गया है. रवीना त्यागी 2014 बैच की IPS अधिकारी हैं और इससे पहले अलग-अलग जिम्मेदारियों में पुलिस विभाग में काम कर चुकी हैं.
ADVERTISEMENT
बाराबंकी की कमान मिलने के बाद अब उनकी नई तैनाती जिले की कानून-व्यवस्था और पुलिसिंग से जुड़ी जिम्मेदारियों के लिहाज से अहम मानी जा रही है. आइए जानते हैं कौन हैं रवीना त्यागी और उनका अब तक का पुलिस करियर कैसा रहा है.
कौन हैं IPS रवीना त्यागी?
रवीना त्यागी उत्तर प्रदेश कैडर की 2014 बैच की IPS अधिकारी हैं. उनका जन्म 5 नवंबर 1987 को हुआ था. पिता का नाम सतीश कुमार त्यागी है. गृह स्थान गौतम बुद्ध नगर, उत्तर प्रदेश है.
रवीना त्यागी ने बायोटेक्नोलॉजी में बी.टेक की पढ़ाई की है. इसके बाद उन्होंने सिविल सर्विसेज के जरिए पुलिस सेवा में कदम रखा. रिकॉर्ड में भर्ती की तारीख 22 दिसंबर 2014 दर्ज है.
लखनऊ में DCP की जिम्मेदारी संभाल रही थीं
बाराबंकी भेजे जाने से पहले रवीना त्यागी लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट में DCP के पद पर तैनात थीं. 30 जनवरी 2024 से इस पद पर तैनात थीं. अब सरकार ने उन्हें लखनऊ से हटाकर बाराबंकी का पुलिस अधीक्षक बनाया है. राजधानी में कमिश्नरेट सिस्टम के तहत काम करने के बाद अब वह एक जिले की पुलिस की सीधी कमान संभालेंगी.
2017 में हुई सेवा की पुष्टि
रवीना त्यागी की IPS सेवा की पुष्टि 2 सितंबर 2017 को हुई थी. इसके बाद 1 जनवरी 2018 को उन्हें सीनियर स्केल मिला. उनके सेवा रिकॉर्ड में पुलिस विभाग की ओर से दिए गए कई प्रशंसा पदक भी दर्ज हैं.
बाराबंकी में किन चुनौतियों के बीच संभालेंगी कमान?
बाराबंकी की पुलिसिंग की जिम्मेदारी अब रवीना त्यागी के पास होगी. लखनऊ जैसे बड़े कमिश्नरेट में DCP के तौर पर काम करने के बाद जिले की पुलिस का नेतृत्व करना उनकी नई जिम्मेदारी होगी.
सरकार के ताजा फेरबदल में सिर्फ बाराबंकी ही नहीं, बल्कि मुजफ्फरनगर, जौनपुर, गाजीपुर, बलिया, बस्ती, बागपत, हापुड़, मऊ और जालौन समेत कई जिलों में नए पुलिस कप्तान तैनात किए गए हैं. बाराबंकी के निवर्तमान SP अर्पित विजयवर्गीय को लखनऊ कमिश्नरेट में DCP बनाया गया है.
ये भी पढ़ें - यूपी में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 20 IPS अधिकारियों के तबादले, कई बड़े जिलों के बदल गए SP
ADVERTISEMENT











