उत्तर प्रदेश मदरसा शिक्षा परिषद के रजिस्ट्रार एसएन पांडेय ने राज्य के सभी जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारियों को एक महत्वपूर्ण निर्देश जारी करते हुए एक पत्र लिखा है. पत्र के अनुसार, 24 मार्च 2022 को हुई बैठक में निर्णंय लिया गया है कि आगामी शिक्षण सत्र में कक्षाएं शुरू होने से पहले अन्य दुआओं के साथ शिक्षक और छात्र-छात्राएं अनिवार्य रूप से राष्ट्रगान भी गाएंगे.
ADVERTISEMENT
इसके अलावा पत्र में बताया गया है रमजान महीने के चलते 30 मार्च से 11 मई 2012 तक प्रदेश के मदरसों में अवकाश था और आज यानी गुरुवार से कक्षाएं शुरू हो गई हैं. मदरसा शिक्षा परिषद ने अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारियों से कहा है कि वे अब उपर्युक्त निर्णाय का अनुपालन राज्य के सभी मदरसों में सुनिश्चित कराने का कष्ट करें.
मदरसों में आधुनिक शिक्षा के लिए विकसित होगा मोबाइल ऐप
इससे पहले उत्तर प्रदेश के अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री दानिश आजाद अंसारी ने कहा है कि मदरसों में आधुनिक शिक्षा देने के लिए मोबाइल ऐप विकसित किया जाएगा और मदरसों में महापुरुषों तथा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की जीवन गाथा पढ़ाई जाएगी.
अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री अंसारी ने एक बयान में कहा था, “उत्तर प्रदेश के मदरसों में शिक्षा की व्यवस्था का आधुनिकीकरण किया जाएगा और मदरसों में पढ़ाई करने वाले बच्चे राष्ट्र भक्ति से ओतप्रोत हों, इसके लिए मदरसों में महापुरुषों तथा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की जीवन गाथा पढ़ाई जाएगी. इस दिशा में सरकार ने कार्रवाई शुरू कर दी है.”
मंत्री ने कहा कि मदरसों में आधुनिक शिक्षा के लिए मदरसे के पाठ्यक्रम पर आधारित मोबाइल ऐप विकसित किया जाएगा. उनके मुताबिक, सूबे के कितने मदरसे इस योजना में शामिल किए जाएंगे, इसे लेकर शासन स्तर पर कार्रवाई की जा रही है.
सभी 7442 मदरसों की जांच कराने जा रही योगी सरकार, जानें इसके पीछे क्या है वजह
ADVERTISEMENT











