आकाश आनंद को अपना पद देंगे संजय निषाद! क्या 'निषाद पार्टी' में शामिल होने जा रहे हैं मायावती के भतीजे?

रजत सिंह

05 Sep 2026 (अपडेटेड: 05 Sep 2026, 12:59 PM)

Akash Anand Offer: संजय निषाद ने आकाश आनंद को अपनी पार्टी में शामिल होने का न्यौता दिया है. उन्होंने कहा है कि आकाश आनंद पार्टी में शामिल होते हैं, तो उन्हें पार्टी में सबसे बड़ा पद यानी राष्ट्रीय अध्यक्ष भी बनाया जाएगा.

UP Tak
Google CTA

Akash Anand Offer: मायावती ने अपने भतीजे आकाश आनंद के खिलाफ एक बार फिर कड़ी कार्रवाई की है. मायावती ने आकाश आनंद को बहुजन समाज पार्टी के 'नेशनल कोऑर्डिनेटर' के पद से हटा दिया है. अब इस कार्रवाई के बाद आकाश आनंद को नए ऑफर मिलने लगे हैं. निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और यूपी सरकार में मत्स्य मंत्री संजय निषाद ने उन्हें एक बड़ा ऑफर दिया है.

यह भी पढ़ें...

संजय निषाद ने आकाश आनंद को अपनी पार्टी में शामिल होने का न्यौता दिया है. इसके साथ ही उन्होंने कहा है कि आकाश आनंद पार्टी में शामिल होंगे, तो उन्हें पार्टी में सबसे बड़ा पद यानी राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया जाएगा. संजय निषाद का यह बयान ऐसे समय में आया है जब आकाश आनंद को उनकी ही पार्टी में दरकिनार कर दिया गया है.

संजय निषाद ने दिया राष्ट्रीय अध्यक्ष का ऑफर

संजय निषाद ने आकाश आनंद को खुला ऑफर देते हुए कहा कि युवाओं के साथ अन्याय हो रहा है. उन्होंने कहा, 'मैं आज आकाश आनंद से अपील करता हूं और उन्हें ऑफर देता हूं कि वह आएं और निषाद पार्टी में कोई बड़ी जिम्मेदारी लें. अगर वह चाहें तो उन्हें पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष भी बनाया जा सकता है.' संजय निषाद ने यह भी कहा है कि राजनीति में युवाओं के हाथ में नेतृत्व होना चाहिए और काम करने वालों से ही गलतियां होती हैं.

कांशीराम के सपनों का दिया हवाला

संजय निषाद ने बसपा के संस्थापक कांशीराम का जिक्र करते हुए कहा कि हम लोग लंबे समय तक उनके साथ रहे हैं और उन्होंने ही हमें इस लायक बनाया है. उन्होंने कहा, 'कांशीराम के सपने अभी अधूरे हैं और हम सब मिलकर उन्हें पूरा करेंगे.' निषाद ने दावा किया कि उनके पास कांशीराम की एक 'ट्रेंड सेना' है, जो हर जाति के लोगों से मिलकर बनी है.

मायावती के नाराज होने पर क्या बोले?

हमारे रिपोर्टर ने संजय निषाद से पूछा कि क्या इस ऑफर से मायावती नाराज नहीं होंगी और क्या वह उनके परिवार में फूट डाल रहे हैं? इस पर संजय निषाद ने कहा, 'राजनीति में सभी लोग एक परिवार हैं. जो 90% लोग शोषित, वंचित और सत्ता से दूर हैं, वो सभी हमारा परिवार हैं. मुझे नहीं लगता कि कोई भी इस बात का बुरा मानेगा, क्योंकि हम कांशीराम के अधूरे सपनों को पूरा करने के लिए ही काम कर रहे हैं.'

आकाश आनंद को बसपा में लगा है झटका

संजय निषाद का यह बयान उस बड़ी राजनीतिक घटना के बाद आया है, जब मायावती ने हाल ही में आकाश आनंद को नेशनल कोऑर्डिनेटर के पद से हटा दिया है. मायावती ने कहा था कि आकाश को अभी और परिपक्व होने की जरूरत है. इससे पहले, 2024 के लोकसभा चुनाव के दौरान भी मायावती ने उन्हें अपना उत्तराधिकारी घोषित करने के बाद, एक विवादित भाषण के कारण पद से हटा दिया था. चुनाव के बाद माफी मांगने पर उनकी वापसी हुई थी, लेकिन अब उन्हें दोबारा पार्टी में सिर्फ एक आम कार्यकर्ता बना दिया गया है.

यह भी पढें: मेरा कोई कुछ नहीं बिगाड़ पाएगा… ये बात बोलने वाला स्वतंत्र भारद्वाज जब बुलंदशहर में पकड़ा गया तब ऐसा था नजारा