विदेश में मुलाकात, शादी का वादा, फिर शारीरिक संबंध... दलित कार्यकर्ता डॉ. रोहिणी घावरी आज सांसद चंद्रशेखर आजाद के खिलाफ जाएंगी कोर्ट!

यूपी तक

• 09:30 AM • 05 Oct 2026

दलित कार्यकर्ता और इंदौर की पीएचडी स्कॉलर डॉ. रोहिणी घावरी सोमवार को नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के लिए दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट पहुंचेंगी. वह दोपहर करीब 2 बजे अदालत के सामने उपस्थित होकर FIR दर्ज कराने की मांग करेंगी.

चन्द्रशेखर आज़ाद और रोहिणी घावरी

चन्द्रशेखर आजाद और रोहिणी घावरी

Google CTA

Rohini Ghavri and Chandrashekhar Azad News: दलित कार्यकर्ता और इंदौर की पीएचडी स्कॉलर डॉ. रोहिणी घावरी सोमवार को नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के लिए दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट पहुंचेंगी. वह दोपहर करीब 2 बजे अदालत के सामने उपस्थित होकर FIR दर्ज कराने की मांग करेंगी. रोहिणी का आरोप है कि उन्हें लंबे समय से मानसिक उत्पीड़न, धमकी और अलग-अलग माध्यमों से निशाना बनाया जा रहा है. उनका कहना है कि पुलिस प्रशासन की ओर से उनकी शिकायत पर उचित कार्रवाई नहीं की गई, जिसके बाद अब उन्होंने न्याय के लिए अदालत का रुख किया है.

यह भी पढ़ें...

पुलिस कार्रवाई नहीं हुई तो कोर्ट पहुंचीं रोहिणी

डॉ. रोहिणी घावरी का कहना है कि वह इस मामले में लंबे समय से न्याय की मांग कर रही हैं. उनके अनुसार शिकायत के बावजूद पुलिस प्रशासन की तरफ से कार्रवाई नहीं हुई. अब वह अदालत के जरिए मामले में निष्पक्ष जांच और न्याय सुनिश्चित कराने की कोशिश कर रही हैं. सोमवार को राउज एवेन्यू कोर्ट में उनकी मौजूदगी इसी शिकायत और एफआईआर दर्ज कराने की मांग से जुड़ी है. इस मामले में चंद्रशेखर आजाद के खिलाफ रोहिणी की ओर से लगाए गए आरोपों को लेकर सियासी हलकों में भी पहले से चर्चा होती रही है.

शादी का भरोसा देकर संबंध बनाने का आरोप

करीब 3-4 महीने पहले सामने आई जानकारी के मुताबिक डॉ. रोहिणी घावरी ने चंद्रशेखर आजाद के खिलाफ राष्ट्रीय महिला आयोग में शिकायत की थी. शिकायत में उन्होंने आरोप लगाया था कि चंद्रशेखर ने उन्हें शादी का भरोसा देकर भावनात्मक और शारीरिक रूप से शोषित किया. रोहिणी के अनुसार दोनों की मुलाकात साल 2020 में जिनेवा में हुई थी. उस समय वह मध्य प्रदेश सरकार की छात्रवृत्ति पर स्विट्जरलैंड के जिनेवा शहर में पीएचडी के लिए गई थीं. जून 2021 से दोनों के बीच लगातार बातचीत शुरू होने का दावा किया गया.

होटल और द्वारका स्थित घर पर बुलाने का दावा

महिला आयोग को दी शिकायत में रोहिणी ने आरोप लगाया कि चंद्रशेखर ने उन्हें खुद को अविवाहित बताया और कहा कि वह उनकी जैसी जीवनसाथी की तलाश में हैं. रोहिणी का दावा है कि इसी भरोसे पर उनके बीच भावनात्मक संबंध बने और उन्होंने चंद्रशेखर के राजनीतिक अभियानों में भी सहयोग किया. शिकायत के मुताबिक जब वह भारत आईं, खासकर दिल्ली में, तब चंद्रशेखर ने उन्हें कई बार होटल और द्वारका स्थित अपने निवास पर बुलाया. रोहिणी का आरोप है कि वहां शादी का भरोसा देकर उनके साथ शारीरिक संबंध बनाए गए.

शादी की बात सामने आने पर बढ़ा विवाद

रोहिणी के अनुसार साल 2022 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के दौरान उन्हें चंद्रशेखर की शादी के बारे में पार्टी के कुछ लोगों से जानकारी मिली. जब उन्होंने इस बारे में चंद्रशेखर से सवाल किया तो उन्होंने शादी होने से इनकार किया. रोहिणी का दावा है कि चंद्रशेखर ने उनसे कहा कि उनकी कोई शादी नहीं हुई है और वह शादी केवल उन्हीं से करेंगे. शिकायत में उन्होंने आरोप लगाया कि जब उन्होंने इस रिश्ते को खत्म करने की बात कही तो चंद्रशेखर ने आत्महत्या करने की धमकी दी और बहुजन आंदोलन छोड़ने जैसी बातें कहकर उन्हें मानसिक रूप से परेशान किया.

रोहिणी ने X पर भी लगाए थे गंभीर आरोप

इस पूरे विवाद के बीच डॉ. रोहिणी घावरी ने X पर चंद्रशेखर की मां को लेकर भी एक पोस्ट की थी. उन्होंने दावा किया था कि एक समय चंद्रशेखर की मां उन्हें पसंद करती थीं और घर आए मेहमानों से कहती थीं कि उनका बेटा विदेश जाएगा, अच्छा जीवन जिएगा और उसे बहुत काबिल लड़की मिली है. रोहिणी ने आरोप लगाया कि बाद में उन्हें लगा कि सभी लोग मिलकर उन्हें बर्बाद करने और उनके भरोसे से खेलने में शामिल थे. अब सोमवार को राउज एवेन्यू कोर्ट में एफआईआर की मांग के साथ पहुंचने के बाद यह मामला एक बार फिर चर्चा में है. चंद्रशेखर आजाद पहले कह चुके हैं कि वह इस मामले में अदालत में ही जवाब देंगे.