यूपी में राज्यसभा चुनाव से पहले सुभाषपा में बगावत, राजभर ने बता दिया बागी विधायकों का नाम

रजत सिंह

• 12:26 PM • 03 Oct 2026

Om Prakash Rajbhar: सुभाषपा के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने भी पार्टी में टूट की चर्चा को पुख्ता कर दिया है. राजभर ने खुले तौर पर ये माना लिया है कि उनके दो विधायक मऊ से अब्बास अंसारी और जौनपुर से जगदीश नारायण राय पार्टी से बगावत करेंगे.

UP Tak
Google CTA

Om Prakash Rajbhar: उत्तर प्रदेश में राज्यसभा चुनाव की हलचल के बीच सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी में टूट की चर्चा तेज हो गई है. सुभाषपा के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने भी पार्टी में टूट की चर्चा को पुख्ता कर दिया है. राजभर ने खुले तौर पर ये माना लिया है कि उनके दो विधायक मऊ से अब्बास अंसारी और जौनपुर से जगदीश नारायण राय पार्टी से बगावत करेंगे. राजभर ने बताया है कि ये दोनों विधायक समाजवादी पार्टी के ही लोग हैं और वे विधायक बनने के बाद से ही सपा के पाले में हैं. राजभर का यह बयान ऐसे समय में आया है जब हाल ही में अब्बास अंसारी ने लखनऊ में अखिलेश यादव से मुलाकात की है. जानकारी के लिए बता दें अखिलेश यादव ने भी हाल ही में इशारों में कहा है कि अगर उनके समर्थन से जीते विधायक सपा के साथ वापस आना चाहते हैं, तो उनका स्वागत है. 

यह भी पढ़ें...

सुभाषपा में होगी टूट

पूर्वांचल की राजनीति में मजबूत पकड़ रखने वाले ओम प्रकाश राजभर की पार्टी सुभाषपा इस समय संकट के दौर से गुजर रही है. राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग के डर के बीच राजभर ने खुद स्वीकार किया है कि उनके दो विधायकों पर उनका कोई जोर नहीं है. मऊ से विधायक अब्बास अंसारी और जौनपुर से विधायक जगदीश नारायण राय को लेकर उन्होंने कहा है कि ये दोनों शुरुआत से ही सपा के करीबी हैं. राजभर का कहना है कि ये लोग चुनाव जीतने के बाद से ही सपा के साथ अपना 'बाजा बजा रहे हैं'. ऐसे में राज्यसभा चुनाव में इन दोनों का वोट राजभर के गठबंधन को मिलना नामुमकिन सा लग रहा है.

अब्बास अंसारी की अखिलेश से मुलाकात

हाल ही में अब्बास अंसारी की अखिलेश यादव के साथ एक तस्वीर सामने आई थी, जिसमें दोनों एक गाड़ी में बैठकर बातचीत करते नजर आ रहे थे. इस तस्वीर ने सुभाषपा में बगावत की चर्चाओं को और पुख्ता कर दिया है. बताया जा रहा है कि अब्बास अंसारी खुले तौर पर सपा प्रमुख के संपर्क में हैं, जिससे राज्यसभा चुनाव में गणित पूरी तरह से बदल सकता है.

अखिलेश यादव का राजभर पर तंज

अखिलेश यादव ने ओम प्रकाश राजभर को लेकर हाल ही में एक बड़ा बयान दिया था. अखिलेश ने कहा, 'जो लोग समाजवादी पार्टी के वोट से चुनाव जीतकर सदन में पहुंचे हैं, वे अब बीजेपी के वोट से कैसे जीतेंगे? बहुत से लोग अब नई जगह की तलाश कर रहे हैं.' जब उनसे पूछा गया कि क्या ऐसे नेताओं को वे वापस लेंगे, तो अखिलेश ने मजाकिया लहजे में कहा, 'अगर आप ले आओ तो अभी ले लेंगे, हम तो इंतजार कर रहे हैं.'

राजभर का करारा पलटवार

अखिलेश यादव के इस तंज पर ओम प्रकाश राजभर ने भी तीखा पलटवार किया है. राजभर ने अखिलेश को 2017 के विधानसभा चुनाव की याद दिलाते हुए कहा है कि तब सपा और कांग्रेस मिलकर केवल 47 सीटें जीत पाए थे. राजभर ने दावा किया है कि उनके साथ आने के बाद ही 2022 में सपा का आंकड़ा 125 तक पहुंचा था. 

सपा का तीसरा उम्मीदवार कौन?

राज्यसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी अपने तीसरे उम्मीदवार को लेकर भी कशमकश में है. अखिलेश यादव का कहना है कि वे 4 तारीख को इसका ऐलान करेंगे. राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि सपा किसी मुस्लिम नेता अपना उम्मीदवार बना सकती है. इनमें आजम खान की पत्नी तंजीम फातिमा का नाम हो सकता है. 

यह भी पढ़ें: यूपी कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष पद से हटने के बाद सबसे पहले अजय राय ने कही ये बात