UP Weather Today: श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर आज पूर्वी यूपी में मौसम पूरी तरह से खुला रहेगा. लोगों की पूजा-अर्चना में भगवान इंद्र आज ज्यादा विघ्न नहीं डालेंगे. हालांकि, मौसम विभाग ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 11 जिलों में झमाझम बारिश की संभावना जताई है. मौसम विभाग ने आज मथुरा, आगरा और अलीगढ़ समेत 11 जिलों में भारी बारिश का 'येलो अलर्ट' जारी किया है.
ADVERTISEMENT
पूर्वी यूपी में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है. मौसम विभाग ने पूर्वी यूपी के लिए कोई भी अलर्ट जारी नहीं किया है. बारिश के इस अलर्ट को देखते हुए किसानों को गन्ना, धान और मक्का जैसी जरूरी फसलों को जलभराव से बचाने की सलाह दी गई है.
पश्चिमी यूपी में भारी बारिश
पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 11 जिलों में आज मौसम विभाग ने भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. इनमें अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, झांसी, ललितपुर और इनके आस पास के क्षेत्र शामिल है. भारी बारिश को देखते हुए IMD ने इन क्षेत्रों में 'येलो अलर्ट' जारी किया है.
पूर्वी यूपी में मौसम साफ
मौसम विभाग ने पूर्वी उत्तर प्रदेश में आज भारी बारिश को लेकर कोई भी चेतावनी जारी नहीं की है. यूपी के इस संभाग में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं, लेकिन मौसम ज्यादातर सामान्य या पूरी तरह से खुला रहेगा.
किसानों के लिए जरूरी कृषि सलाह
भारी बारिश और जलभराव के कारण गन्ने, धान, मक्का और अरहर की फसलें खराब हो सकती हैं और इन फसलों के जड़ों का विकास रुक सकता है, इसलिए खेतों से तुरंत अतिरिक्त पानी निकालने की व्यवस्था करें. जलभराव के दौरान खेतों में यूरिया या किसी भी उर्वरक का छिड़काव बिल्कुल न करें और गीली मिट्टी में निराई-गुड़ाई से बचें.
मूंगफली, तिल, उड़द और मूंग की फसलों में ज्यादा नमी से फलियां सड़ने, फूल झड़ने और पीलापन जैसी बीमारियां हो सकती हैं. खेतों के चारों तरफ गहरी जल निकासी नालियां बनाएं और पानी बिल्कुल न रुकने दें. मौसम साफ होने पर तिल में पोटाश का स्प्रे करें और मूंग की पकी हुई फलियों की तुरंत तुड़ाई कर लें ताकि दाने खेत में ही अंकुरित न हों.
यह भी पढ़ें: UP Weather: कल यूपी में मानसून का सुपर अलर्ट! इटावा, जालौन समेत कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी
ADVERTISEMENT











