Fatehpur News: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले से एक ऐसा संवेदनशील और चौंकाने वाला मामला सामने आया है जिसे सुन किसी की भी रूह कांप जाएं. यहां एक प्राइवेट स्कूल में पढ़ने वाली केजी की मासूम छात्रा के साथ रेप का प्रयास किए जाने की घटना सामें आई है. ऐसा बताया जा रहा है कि छात्रा स्कूल में रिजल्ट लेने गई थी तभी उसी स्कूल में पढ़ने वाले ही एक बड़े छात्र ने उसे बहाने से टॉयलेट में ले जाकर ये घिनौनी हरकत करने की कोशिश की. घर लौटने के बाद बच्ची ने अपने परिजनों को प्राइवेट पार्ट में परेशानी होने की शिकायत की जिसके बाद परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे जहां इस बात का खुलासा हुआ.
ADVERTISEMENT
स्कूल में ही की गई रेप की कोशिश
बता दें कि यह पूरा मामला राधानगर थाना क्षेत्र के पीएसी रोड स्थित खंभापुर मोहल्ले के एक प्राइवेट स्कूल का है. मिली जानकारी के मुताबिक, छात्रा स्कूल में अपना रिजल्ट लेने गई थी. आरोप है की इसी दौरान उसी स्कूल में पढ़ने वाले एक 7वी कक्षा के छात्र ने उसे बहाने से बुलाया और अपने साथ टॉयलेट में लेकर चला गया. ऐसा बताया जा रहा है कि टॉयलेट में उस छात्र ने बच्ची के साथ रेप करने की कोशिश की.
अस्पताल में सामने आया पूरा सच
घर पहुंचते ही बच्ची ने अपने परिजनों से बताया कि उसके प्राइवेट पार्ट में दर्द है. ये सुनते ही परिजन तुरंत बच्ची को इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका इलाज करवाया गया. इलाज के बाद बच्ची को घर लाया गया जिसके बाद उसने विस्तार से बताया कि स्कूल के एक बड़े छात्र ने उसे टॉयलेट में ले जाकर उसका रेप करने की कोशिश की थी. इस घटना के बारे में सुनते ही परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई. इसके बाद परिजनों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस से संपर्क किया और शिकायत दर्ज कराई गई.
स्कूल स्टाफ पर लगा ये बड़ा आरोप
ऐसा बताया जा रहा है कि जब बच्ची की मां उसे लेकर स्कूल पहुंची और स्कूल में ही उसके साथ हुई इस घिनौनी घटना की जानकारी दी तो स्कूल के कुछ स्टाफ ने मामले को दबाने की कोशिश की. हालांकि परिजन इस पर सहमत नहीं हुए और सीधे थाने पहुंचकर लिखित तहरीर देते हुए कार्रवाई की मांग की.
अज्ञात छात्र के खिलाफ हुआ मुकदमा दर्ज
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने पीड़िता की मां की तहरीर के आधार पर अज्ञात छात्र के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है. इसके साथ ही बच्ची को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है. पुलिस पूरे मामले की जांच पड़ताल में जुटी हुई है और आरोपी छात्र की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है.
क्या बोले फतेहपुर के एसपी?
इस मामले में फतेहपुर के एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि राधानगर थाना क्षेत्र से उन्हें एक शिकायत मिली थी, जिसमें बच्ची के परिजनों ने थाने पहुंचकर सूचना दी कि उनकी बच्ची खंभापुर स्थित एक प्राइवेट स्कूल में केजी की छात्रा है.
उन्होंने आगे बताया कि स्कूल से घर आने के बाद बच्ची ने अपने परिजनों को प्राइवेट पार्ट में परेशानी होने की शिकायत की थी जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया . इलाज के बाद जब बच्ची घर पहुंची तो उसने बतया कि उसी स्कूल में पढ़ने वाला करीब 11 से 12 साल का एक छात्र उसे स्कूल के टॉयलेट में ले गया और उसके साथ गलत हरकत की. एसपी ने बताया कि परिजनों की शिकायत के बाद बच्ची को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है और पीड़ित परिवार की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. फिलहाल घटना को अंजाम देने वाले छात्र की पहचान नहीं हो सकी है और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.
ADVERTISEMENT









