क्या बीजेपी से मिलेगा केतकी सिंह को टिकट? बांसडीह सीट का समझें पूरा समीकरण
बलिया की बांसडीह सीट पर 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज है. बीजेपी की केतकी सिंह की दावेदारी मजबूत है. वहीं सपा में रामगोविंद चौधरी के बेटे रंजीत चौधरी समेत कई चेहरे टिकट की दौड़ में हैं. कांग्रेस, बसपा और एनडीए सहयोगियों की भी नजर है.
ADVERTISEMENT

Ketki Singh
बलिया जिले की बांसडीह विधानसभा सीट उत्तर प्रदेश की सबसे चर्चित सीटों में से एक मानी जाती है. अपने बयानों और बेबाक शैली को लेकर अक्सर सुर्खियों में रहने वाली बीजेपी विधायक केतकी सिंह ने 2022 में पहली बार यहां कमल खिलाकर इतिहास रचा था. लेकिन 2027 के विधानसभा चुनाव की आहट के साथ ही बांसडीह की राजनीति का पारा चढ़ने लगा है. क्या बीजेपी आलाकमान दोबारा केतकी सिंह पर दांव खेलेगा? दूसरी ओर सपा के कद्दावर नेता और पूर्व नेता प्रतिपक्ष रामगोविंद चौधरी के अस्वस्थ होने के बाद क्या अखिलेश यादव उनके बेटे को टिकट देंगे? एनडीए गठबंधन, इंडिया अलायंस और बीएसपी में मचे सियासी घमासान के बीच बांसडीह के हर दावेदार का पूरा समीकरण समझिए.

