संजय निषाद भाजपा के जिन नेताओं से हैं नाराज उनके नाम सामने आए... क्या यूपी के अंदर NDA में पड़ेगी फूट?
UP Political News: गोरखपुर में निषाद पार्टी के अध्यक्ष संजय निषाद ने बीजेपी पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा, 'अगर फायदा नहीं तो तोड़ दें गठबंधन.' जानें क्यों भाजपा के नेताओं से नाराज हैं संजय निषाद और क्या है इस बयान के पीछे की सियासी वजह.
ADVERTISEMENT

Sanjay Nishad
UP Political News: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में मंगलवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में निषाद पार्टी के अध्यक्ष और योगी कबिनेट में मंत्री संजय निषाद अचानक ही अपनी सहयोगी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर भड़क पड़े. इस दौरान उन्होंने तीखे तेवर दिखाते हुए कहा, 'अगर भाजपा को मुझसे फायदा नहीं है तो तोड़ दे गठबंधन.' संजय निषाद ने जैसे ही यह बयान दिया भाजपा के भीतर खलबली मच गई. कहा जा रहा है कि पार्टी के हाथ-पांव फूल गए और संजय निषाद के बयान के चंद घंटे के भीतर ही पार्टी ने डैमेज कंट्रोल की शुरुआत कर दी. सूत्रों की मानें तो प्रदेश अध्यक्ष से लेकर प्रदेश के संगठन महामंत्री तक ने संजय निषाद से बात की कि आखिर ऐसा क्या हो गया कि उन्होंने इतना बड़ा बयान भाजपा के खिलाफ दे दिया और वह भी मुख्यमंत्री के गृह क्षेत्र गोरखपुर से.