मंगेश के एनकाउंटर का असर हरियाणा तक! राहुल गांधी के बगल में खड़े होकर योगेंद्र यादव ने बनाया मुद्दा
Mangesh Yadav News: हरियाणा विधानसभा चुनाव के प्रचार के आखिरी दिन कांग्रेस पार्टी के मंच पर यूपी के एक लाख रुपये के इनामी बदमाश मंगेश यादव की चर्चा हुई. जानें मंगेश यादव को लेकर योगेंद्र यादव ने क्या कहा?
ADVERTISEMENT

Mangesh Yadav News: हरियाणा विधानसभा चुनाव की वोटिंग से ठीक पहले यूपी का मंगेश यादव एनकाउंटर केस चुनावी मुद्दा बनता हुआ नजर आ रहा है. चुनाव प्रचार के आखिरी दिन कांग्रेस के मंच से मंगेश यादव का जिक्र हुआ. दरअसल, मंगेश यादव को यूपी एसटीएफ ने एनकाउंटर के बाद ढेर कर दिया था. मंगेश के एनकाउंटर के बाद यूपी की राजनीति गर्मा गई थी. सपा चीफ अखिलेश यादव ने आरोप लगाते हुए कहा था कि मंगेश का एनकाउंटर इसलिए किया गया क्योंकि वह यादव था. वहीं, अब यही मुद्दा हरियाणा विधानसभा चुनाव में भी उठ गया है. गुरुवार को एक चुनावी जनसभा के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी की मौजूदगी में भारत जोड़ो अभियान के संयोजक योगेंद्र यादव ने मंगेश यादव को लेकर एक बड़ा बयान दिया. खास बात यह है कि योगेंद्र यादव ने यह बयान हरियाणा के अहीरवाल इलाके में दिया, जहां यादव वोटर्स का प्रभाव माना जाता है.