मिल्कीपुर में भाजपा ने खेला दलित दांव! चंद्रभान पासवान को उपचुनाव में उतारकर सभी को चौंकाया, कौन हैं ये?
UP News: अयोध्या की मिल्कीपुर उपचुनाव में भाजपा ने अपना उम्मीदवार का ऐलान कर दिया है. बता दें कि मिल्कीपुर में भाजपा ने चंद्रभान पासवान को अपना प्रत्याशी बनाया है.
ADVERTISEMENT

UP News: अयोध्या की मिल्कीपुर उपचुनाव में भाजपा ने अपना उम्मीदवार का ऐलान कर दिया है. बता दें कि मिल्कीपुर में भाजपा ने चंद्रभान पासवान को अपना प्रत्याशी बनाया है. ऐसे में भाजपा उम्मीदवार चंद्रभान पासवान का सीधा मुकाबला अब सपा के अजीत प्रसाद से होगा.
बता दें कि अयोध्य-फैजाबाद से सपा सांसद अवधेश प्रसाद की तरह चंद्रभान पासवान भी पासी समाज से आते हैं. सपा ने अवधेश प्रसाद के बेटे अजीत प्रसाद को अपना उम्मीदवार बनाया है. अजीत को कांग्रेस का भी समर्थन प्राप्त है.
कौन हैं चंद्रभान पासवान?
चंद्रभान पासवान रुदौली से दो बार जिला पंचायत सदस्य रहे हैं. अभी इनकी पत्नी जिला पंचायत सदस्य हैं. इनका परिवार व्यापार से जुड़ा हुआ है. साड़ी के व्यापार में पूरा परिवार सक्रिय है. पिछले 2 सालों से वह मिल्कीपुर विधानसभा सीट पर सक्रिय थे. युवा नेता के तौर पर उनकी क्षेत्र में पहचान है.
आपको ये भी बता दें कि मिल्कीपुर सीट पर पासी समाज के 50 हजार से अधिक वोट हैं. सपा उम्मीदवार अजीत प्रसाद भी इसी समाज से आते हैं. उनके पिता और सांसद अवधेश प्रसाद का इस वोट बैंक पर अच्छा होल्ड माना जाता है. बीजेपी ने पासी वोट बैंक में सेंध लगाने के लिए ही पासी कैंडिडेट उतरा है.
मिल्कीपुर का जातिगत समीकरण जानें
मिल्कीपुर के जातिगत समीकरणों की बात की जाए तो यहां 55 हजार यादव और 30 हजार से अधिक मुस्लिम वोटर हैं. वहीं 60 हजार से अधिक ब्राह्मण, 30 हजार क्षत्रिय, 50 हजार से अधिक कोरी, चौरसिया, पाल और मौर्य आदि बिरादरी के वोटर हैं.
पिछले चुनाव का परिणाम क्या रहा?
साल 2022 में हुए चुनावों में मिल्कीपुर को सपा ने जीता था. उस दौरान सपा उम्मीदवार अवधेश प्रसाद को 103,905 वोट, भाजपा के बाबा गोरखनाथ को 90,957 वोट तो वहीं बसपा की मीरा देवी को 14,427 वोट मिले थे. कांग्रेस प्रत्याशी नीलम कोरी को सिर्फ 3,166 वोट मिले थे.
बता दें कि मिल्कीपुर उपचुनाव के लिए मतदान 5 फरवरी के दिन होगा. परिणाम 8 फरवरी के दिन जारी किया जाएगा. मिल्कीपुर उपचुनाव को लेकर सपा और भाजपा ने अपनी पूरी ताकत लगा दी है. खुद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मिल्कीपुर की कमान संभाली है. बहुजन समाज पार्टी ने मिल्कीपुर उपचुनाव से खुद को दूर रखा है. मुख्य मुकाबला भाजपा और सपा के बीच ही है.
(इस खबर को अपडेट किया जा रहा है)
