SIR में लगी थी लेखपाल सुधीर की ड्यूटी, 26 नवंबर को शादी से एक दिन पहले ही दे दी जान, उन्हें कौन हड़का रहा था?
बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के खजुहा कस्बा के रहने वाले 25 साल के एक लेखपाल सुधीर कुमार ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी. सुधीर की 26 नवंबर को शादी होने वाली थी. सुधीर के परिजनों ने कानूनगो पर गंभीर आरोप लगाए हैं.
ADVERTISEMENT

यूपी के फतेहपुर जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है. बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के खजुहा कस्बा के रहने वाले 25 साल के एक लेखपाल सुधीर कुमार ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी. सुधीर कोरी बिंदकी तहसील में लेखपाल के पद पर तैनात था. मौजूदा समय में सुधीर की ड्यूटी SIR में जहानाबाद विधानसभा क्षेत्र में लगी थी. सुधीर की 6 महीने पहले शादी तय हुई थी जो कि 26 नवंबर को होनी थी. शादी को लेकर सभी तैयारियां पूरी हो चुकी थीं. बस बुधवार को बारात जाने की देर थी. लेकिन इससे पहले ही सुधीर ने अपनी जान दे दी जिससे परिवार की सभी खुशियां एक पल में मातम में बदल गईं. ऐसे में अब सवाल उठ रहा है कि आखिर 25 साल के सुधीर ने ऐसा कदम क्यों उठा लिया. परिवार के सदस्यों के आरोप के मुताबिक, सुधीर के ऊपर काम को लेकर कानूनगो की तरफ से लगातार दबाव बनाया जाा रहा था. इसके साथ ही उसे छुट्टी भी नहीं दी जा रही थी. इस बीच जब उसने एक दिन की छुट्टी ले ली तो उसे सस्सपेंड कर दिया गया जिसके चलते वह मानसिक तौर पर परेशान था. फिलहाल परिजन दोषी कर्मचारी और अधिकारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग पर अड़े हुए है.