मेरठ में दो मासूम बच्चों को तेज रफ्तार कार ने रौंदा, CCTV में कैद हुआ खौफनाक मंजर
ADVERTISEMENT
Meerut News: मेरठ में गली में खेल रहे दो मासूम बच्चों को तेज रफ्तार कार ने कुचल दिया. हादसे का CCTV फुटेज सामने आया है. हादसे के बाद दोनों बच्चों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के बाद उनकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है.
उत्तर प्रदेश के मेरठ से एक बेहद खौफनाक मामला सामने आया है. यहां भावनपुर थाना क्षेत्र के शिव शक्ति विहार इलाके में गली में बैठकर खेल रहे दो मासूम बच्चों को एक तेज रफ्तार ऑल्टो कार ने कुचल दिया. इस दर्दनाक घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसे देखकर किसी की भी रूह कांप सकती है. गनीमत यह रही कि दोनों बच्चे सुरक्षित हैं और वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने आरोपी ड्राइवर की तलाश शुरू कर दी है.
तेज रफ्तार कार ने कुचला
शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे छह साल की एक बच्ची और पड़ोस का एक बच्चा गली में जमीन पर बैठकर तसल्ली से खेल रहे थे. तभी अचानक एक सफेद रंग की बेकाबू ऑल्टो कार तेजी से गली में आई. बिना ब्रेक लगाए ड्राइवर ने कार दोनों बच्चों के ऊपर चढ़ा दी और उनके ऊपर से गुजर गया. हादसे के बाद कार कुछ ही दूरी पर जाकर रुक गई.
खतरे से बाहर हैं दोनों बच्चे
हादसा होते ही आसपास के लोग तुरंत दौड़कर मौके पर पहुंचे और बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला. हादसे में एक बच्चे के सिर पर गंभीर चोट आई है, जबकि दूसरे को मामूली खरोंचें आई हैं. लोगों ने तुरंत बच्चों को अस्पताल पहुंचाया. राहत की बात यह है कि सही समय पर इलाज मिलने से दोनों बच्चे अब पूरी तरह से खतरे से बाहर हैं और उनकी हालत सामान्य है.
वीडियो वायरल होने पर पुलिस एक्शन
स्थानीय लोगों के मुताबिक कार बहुत तेज थी और आरोपी ड्राइवर नशे में लग रहा था, जो उसी इलाके में किराए पर रहता है. घटना के बाद स्थानीय लोगों ने थाने में कोई लिखित शिकायत नहीं दी थी. लेकिन सीसीटीवी वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने खुद मामले का संज्ञान लिया. पुलिस ने गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और आरोपी ड्राइवर को गिरफ्तार करने का प्रयास कर रही है.
