लखनऊ ट्रिपल मर्डर केस पर IPS तरुण गाबा का तगड़ा एक्शन, किन-किन लोगों पर गिरी गाज?
लखनऊ के सआदतगंज में कार पार्किंग विवाद में तीन लोगों की हत्या के बाद पुलिस विभाग ने कार्रवाई की है. पुलिस आयुक्त तरुण गाबा ने थाना प्रभारी संतोष कुमार आर्य और कश्मीरी मोहल्ला चौकी प्रभारी अजय कुमार चौरसिया को निलंबित कर दिया है.
ADVERTISEMENT

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के सआदतगंज इलाके में कार पार्किंग को लेकर हुए विवाद में तीन लोगों की मौत के मामले में पुलिस विभाग ने कार्रवाई की है. पुलिस आयुक्त तरुण गाबा ने सआदतगंज के थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार आर्य और कश्मीरी मोहल्ला चौकी प्रभारी उप निरीक्षक अजय कुमार चौरसिया को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है.
घटना 26 अक्टूबर 2026 को सआदतगंज थाना क्षेत्र के ब्राह्मणी टोला, नौबस्ता में हुई थी. कार पार्किंग को लेकर हुए विवाद के दौरान फायरिंग हुई, जिसमें तीन लोगों की जान चली गई. घटना की गंभीरता को देखते हुए दोनों पुलिस अधिकारियों पर कार्रवाई की गई है.
आरोपी गिरफ्तार, पिस्टल और चार खोखे बरामद
पुलिस के मुताबिक, फायरिंग करने के आरोपी ऋषभ शुक्ला को गिरफ्तार कर लिया गया है. उसके पास से वारदात में इस्तेमाल की गई पिस्टल और चार खोखा कारतूस बरामद हुए हैं. आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.
क्या था विवाद का मामला?
26 अक्टूबर 2026 को तिवारी परिवार के तीन सदस्यों की मौत हुई. मृतकों की पहचान शिवाजी तिवारी (62), शिवेंद्र तिवारी (55) और सुयश तिवारी (30) के रूप में हुई है. शुरुआती पुलिस जानकारी के अनुसार, विवाद खाली प्लॉट पर कार खड़ी करने को लेकर शुरू हुआ था.
दोनों परिवारों के बीच पहले से विवाद चल रहा था. कार पार्किंग के अलावा चबूतरे के निर्माण को लेकर भी दोनों पक्षों में मतभेद थे. मृतक परिवार की ओर से पहले भी विवाद और परेशान किए जाने की शिकायतों का आरोप लगाया गया है.
फिलहाल, तीन लोगों की मौत के बाद सआदतगंज थाना प्रभारी और कश्मीरी मोहल्ला चौकी प्रभारी को निलंबित कर दिया गया है. पुलिस आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई के साथ मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है.
ये भी पढ़ें- एक हाथ में पिस्टल, दूसरे में मैगजीन! लखनऊ में ट्रिपल मर्डर के बाद लाशों के पास बैठा रहा 'कातिल' ऋषभ शुक्ला
