फॉर्म-फीस-एडमिट कार्ड और रिजल्ट… यूपी के 'परीक्षा पोर्टल' पर मिलेगी सारी सुविधाएं
UP Pariksha Portal: उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए आधिकारिक परीक्षा पोर्टल up.pariksha.nic.in शुरू किया गया है. इस पोर्टल के जरिए अभ्यर्थी घर बैठे भर्ती के लिए आवेदन करने, फीस जमा करने, एडमिट कार्ड डाउनलोड करने और रिजल्ट देखने जैसे काम सिर्फ एक क्लिक करके सकते हैं.
ADVERTISEMENT

UP Pariksha Portal: उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी करने वाले युवाओं को अब फॉर्म भरने, फीस जमा करने और एडमिट कार्ड के लिए दरबदर नहीं भटकना पड़ेगा. दरअसल योगी आदित्यनाथ सरकार की डिजिटल गवर्नेंस नीतियों के तहत आधिकारिक परीक्षा पोर्टल up.pariksha.nic.in शुरू किया गया है. जो युवाओं के लिए वरदान साबित हो रहा है. नेशनल इंफॉर्मेटिक्स सेंटर द्वारा संचालित यह पोर्टल पूरी भर्ती प्रक्रिया को पेपरलेस, निष्पक्ष और पूरी तरह से भ्रष्टाचार मुक्त बना रहा है. इस सिंगल विंडो प्लेटफॉर्म के जरिए अब युवा घर बैठे ऑनलाइन आवेदन से लेकर रिजल्ट देखने तक के सभी काम आसानी से और सुरक्षित तरीके से कर सकते हैं.
भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह से हुई डिजिटल
सुशासन और पारदर्शिता की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए योगी सरकार ने इस पोर्टल के जरिए रिक्रूटमेंट प्रोसेस को 100 प्रतिशत डिजिटल कर दिया है. पहले के युवाओं को फॉर्म भरने और एडमिट कार्ड लेने के लिए काफी इंतजार करना पड़ता था, लेकिन अब इस इंटीग्रेटेड प्लेटफॉर्म के जरिए आप घर बैठे एक क्लिक करके यह प्रोसेस आसानी से पूरी कर सकते हैं. यह पोर्टल उत्तर प्रदेश के अलग-अलग चयन आयोगों और सरकारी विभागों की भर्तियों के लिए एक सिंगल विंडो सॉल्यूशन है.
पोर्टल पर मिलती है कई सुविधाएं
इस डिजिटल परीक्षा पोर्टल के मॉड्यूल्स में ई-फॉर्म, ई-पेमेंट, ई-एडमिट कार्ड और ई-रिजल्ट जैसी बेहतरीन सुविधाएं मौजूद हैं. आवेदक घर बैठे ही लाइव विज्ञापन देख सकते हैं और अपनी योग्यता के हिसाब से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. इसके अलावा सुरक्षित डिजिटल गेटवे के जरिए परीक्षा फीस भी ऑनलाइन जमा की जा सकती है. एग्जाम की तारीख आने पर एडमिट कार्ड डाउनलोड करना, आंसर की चेक करना और बाद में रिजल्ट देखना, सब कुछ इसी एक प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध है.
एसएमएस और ईमेल से मिलती है जानकारी
इस सिस्टम से इंसानी दखल कम से कम हो गया है. इस परीक्षा पोर्टल के जरिए आयोग और उम्मीदवारों के बीच बातचीत और सूचनाओं का आदान-प्रदान केवल SMS या ईमेल Email के माध्यम से होता है. इससे किसी भी तरह की जानकारी मिलने में देरी या गड़बड़ी की गुंजाइश लगभग खत्म हो गई है और पूरी भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता सर्वोच्च स्तर पर पहुंच गई है.
ई-परीक्षा पोर्टल का इस्तेमाल कैसे करें?
इस पोर्टल का इस्तेमाल करना बेहद आसान है. सबसे पहले युवाओं को आधिकारिक वेबसाइट up.pariksha.nic.in पर जाना होगा. होम पेज पर अलग-अलग विभागों के लाइव विज्ञापनों की लिस्ट दिख जाएगी. आप जिस पद के लिए आवेदन करना चाहते हैं, उसके लिंक पर क्लिक करके रजिस्ट्रेशन और फॉर्म भरने की प्रक्रिया शुरू कर सकते हैं. जरूरी डॉक्यूमेंट्स, फोटो और सिग्नेचर अपलोड करने के बाद फीस जमा करके फॉर्म का प्रिंट निकाल लें.
ओटीआर से भी मिली बड़ी राहत
इस पोर्टल को वन-टाइम रजिस्ट्रेशन जैसी आधुनिक व्यवस्थाओं से भी जोड़ा गया है. इससे युवाओं को हर भर्ती के लिए बार-बार अपनी बेसिक डिटेल भरने के झंझट से मुक्ति मिल गई है. निश्चित रूप से योगी सरकार की यह ई-गवर्नेंस नीति युवाओं के लिए एक मजबूत और पारदर्शी व्यवस्था खड़ी कर रही है, जहां योग्यता ही सफलता का एकमात्र पैमाना है.
