लेटेस्ट न्यूज़

कार में दबाया गला, डिग्गी में लाश रखकर दिनभर घूमता रहा... लेडी टीचर की हत्या के बाद विजय निषाद ने जो किया, हैरान कर देगा!

उत्तर प्रदेश के देवरिया में महिला टीचर रानी विश्वकर्मा की हत्या के मामले में पुलिस ने स्कूल प्रबंधक विजय निषाद को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक रानी और विजय के बीच नजदीकी संबंध थे.

ADVERTISEMENT

Rani Vishwakarma Murder Case
Rani Vishwakarma Murder Case
social share
Google CTA

Rani Vishwakarma Murder Case: उत्तर प्रदेश के देवरिया में महिला टीचर रानी विश्वकर्मा की हत्या के मामले में पुलिस ने स्कूल प्रबंधक विजय निषाद को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक रानी और विजय के बीच नजदीकी संबंध थे. विजय पहले से शादीशुदा था और उसके दो बच्चे हैं. रानी उससे शादी करना चाहती थी और लगातार दबाव बना रही थी. इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ. पुलिस का दावा है कि 31 अक्टूबर को विजय ने कार में रानी की गला दबाकर हत्या कर दी. इसके बाद शव को कार की डिग्गी में रखकर पूरे दिन शहर और आसपास के इलाकों में घूमता रहा. शाम को उसने शव रुद्रपुर इलाके में एक स्कूल के पास फेंक दिया.

स्कूल में काम करते थे रानी और विजय

रानी विश्वकर्मा गोरखपुर जिले के झंगहा थाना क्षेत्र के खुरुहरी गांव की रहने वाली थी. वह चौरी-चौरा इलाके के नई बाजार स्थित वीएन सेंट्रल एकेडमी में टीचर के तौर पर काम करती थी. इसी स्कूल का प्रबंधक विजय निषाद देवरिया के रुद्रपुर थाना क्षेत्र का निवासी है. पुलिस के अनुसार, इसी दौरान दोनों के बीच नजदीकी संबंध बन गए थे. विजय शादीशुदा था और उसके दो बच्चे भी हैं. वहीं, रानी उससे शादी करना चाहती थी. वह लगातार विजय पर शादी करने का दबाव बना रही थी. पुलिस का कहना है कि इसी मुद्दे पर दोनों के बीच विवाद चल रहा था.

स्कूल पहुंचकर फिर की शादी की बात

पुलिस के मुताबिक 31 अक्टूबर की सुबह करीब 8:30 बजे रानी स्कूल पहुंची थी. वहां उसने एक बार फिर विजय के सामने शादी का मुद्दा उठाया. विजय ने उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन दोनों के बीच बात नहीं बनी. इसके बाद सुबह करीब 9:15 बजे विजय अपनी कार से रानी को लेकर मीठा बेल गांव के बाहर एक सुनसान कच्चे रास्ते पर पहुंचा. पुलिस का दावा है कि कार की बीच वाली सीट पर ही विजय ने रानी का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई. हत्या के बाद उसने शव को कार की डिग्गी में रखा और उसे ढक दिया.

डिग्गी में शव रखकर दिनभर घूमता रहा आरोपी

पुलिस के अनुसार हत्या के बाद विजय ने शव को ठिकाने लगाने के लिए शाम होने का इंतजार किया. इस दौरान वह कार में शव रखकर शहर और आसपास के इलाकों में घूमता रहा. वह चौरी-चौरा की तरफ भी गया था. रास्ते में बनकट और बैरागी के बीच उसने रानी का मोबाइल तोड़कर फेंक दिया. उसका एटीएम कार्ड भी रास्ते में फेंक दिया गया. पुलिस के मुताबिक आरोपी ने शाम होने पर देवरिया के रुद्रपुर इलाके में श्रीनेत ग्लोबल स्कूल के पास शव फेंक दिया और वहां से फरार हो गया.

अगले दिन हुई शव की पहचान

शव मिलने के अगले दिन पुलिस ने उसकी पहचान रानी विश्वकर्मा के रूप में की. इसके बाद मामले की जांच शुरू की गई. पुलिस ने जांच और पूछताछ के आधार पर स्कूल प्रबंधक विजय निषाद को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस का कहना है कि पूछताछ में हत्या से जुड़ी कई अहम बातें सामने आई हैं. आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद जेल भेज दिया गया है. फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है.