लेटेस्ट न्यूज़

45 की उम्र में पवन सिंह के घर फिर बजेगी शहनाई? राधे मां ने भोजपुरी 'पावर स्टार' की तीसरी शादी पर कर दी बड़ी भविष्यवाणी

भोजपुरी स्टार पवन सिंह की तीसरी शादी को लेकर राधे मां ने बड़ी भविष्यवाणी की है. उन्होंने 45 साल की उम्र को पवन सिंह के लिए शुभ बताया. जानिए उनकी निजी जिंदगी, ज्योति सिंह से तलाक और अक्षरा सिंह से माफी का पूरा मामला.

ADVERTISEMENT

Bhojpuri News: Pawan Singh
Bhojpuri News: Pawan Singh
social share
Google CTA

भोजपुरी सिनेमा के 'पावर स्टार' पवन सिंह अपनी दमदार आवाज और फिल्मों से जितना दिल जीतते हैं, उनकी पर्सनल लाइफ उतनी ही ज्यादा सुर्खियों और विवादों में घिरी रहती है. शादी, तलाक और अफेयर्स के भंवर में फंसी उनकी जिंदगी में क्या अब खुशियों की नई बहार आने वाली है? खुद को आध्यात्मिक गुरु बताने वाली राधे मां का तो कम से कम यही मानना है. राधे मां ने न सिर्फ पवन सिंह की जिंदगी के अकेलेपन के दूर होने का दावा किया है बल्कि उनकी तीसरी शादी को लेकर एक धमाकेदार भविष्यवाणी भी कर दी है.

'टीवी पर कुछ और रियल लाइफ में बेहद क्यूट'

हाल ही में रियलिटी शो 'भोजपुरी बवाल' में नजर आईं राधे मां ने एक इंटरव्यू के दौरान भोजपुरी इंडस्ट्री के बड़े सितारों की जमकर तारीफ की. उन्होंने पवन सिंह, दिनेश लाल यादव और आम्रपाली दुबे के व्यवहार की सराहना करते हुए कहा 'मुझे वहां जाकर बहुत अच्छा लगा. टीवी पर ये लोग कुछ और नजर आते हैं. लेकिन रियल लाइफ में ये सब बहुत क्यूट हैं. उनका नेचर वाकई बहुत दिल जीतने वाला है.'

क्या 45 की उम्र में फिर दुल्हन लाएंगे पवन सिंह?

शो के दौरान राधे मां ने पवन सिंह की शादीशुदा जिंदगी और भविष्य को लेकर एक खास बात कही. जब उनसे उनकी भविष्यवाणी के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि वे जो भी बोलती हैं, दिल से बोलती हैं और भगवान की कृपा से उनकी बातें सच साबित होती हैं.

राधे मां के मुताबिक, पवन सिंह के लिए 45 साल की उम्र में शादी करना बेहद शुभ रहेगा. यानी जब वे 45 साल के होंगे, तब से उनकी जिंदगी में एक बार फिर स्थायित्व और खुशियां लौट आएंगी. राधे मां ने यह भी साफ किया कि वे किसी के कहने पर कुछ नहीं बोलतीं बल्कि जो महसूस करती हैं वही जाहिर करती हैं.

रुबीना-अभिनव को भी दी थी सलाह

यह पहली बार नहीं है जब राधे मां किसी सेलिब्रिटी की पर्सनल लाइफ पर बोल रही हों. इससे पहले वे पति-पत्नी पंगा और बिग बॉस जैसे चर्चित रियलिटी शोज में बतौर गेस्ट शिरकत कर चुकी हैं. बिग बॉस के दौरान उन्होंने रुबीना दिलैक और अभिनव शुक्ला की शादी को लेकर बात की थी और अभिनव के गुस्से पर चुटकी लेते हुए हंसकर कहा था 'अब इसने गुस्सा किया तो मारूंगी एक.'

सुर्खियों में रही है पवन सिंह की पर्सनल लाइफ

पवन सिंह की निजी जिंदगी हमेशा से काफी उतार-चढ़ाव भरी रही है. पवन सिंह ने पहली शादी नीलम से की थी जिन्होंने शादी के महज 3 महीने बाद ही कथित तौर पर आत्महत्या कर ली थी. साल 2019 में उन्होंने ज्योति सिंह से दूसरी शादी की. हालांकि यह रिश्ता भी लंबा नहीं चला और ज्योति ने एक्टर पर घरेलू हिंसा के आरोप लगाते हुए कोर्ट में तलाक और एलिमनी की अर्जी दाखिल कर दी. यह मामला फिलहाल अदालत में लंबित है.

अक्षरा सिंह से माफी का नया मोड़

हाल के दिनों में पवन सिंह के तेवर कुछ बदले-बदले नजर आ रहे हैं. उन्होंने सरेआम अपनी पूर्व प्रेमिका और भोजपुरी एक्ट्रेस अक्षरा सिंह से माफी मांगी है. हालांकि अक्षरा की तरफ से इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है. लेकिन फैंस इसे 'यूनिवर्स का इशारा' मान रहे हैं. अब देखना दिलचस्प होगा कि क्या राधे मां की यह भविष्यवाणी सच साबित होती है और क्या 45 की उम्र में पावर स्टार पवन सिंह के सिर पर एक बार फिर से सेहरा सजता है या नहीं.

ये भी पढ़ें: भोजपुरी सिंगर अभिषेक सिंह के घर के बाहर हुई ताबड़तोड़ फायरिंग, किसने किया ये सब?