दिवाली से ठीक पहले रेलवे ने यूपी को दी 3 त्योहार स्पेशल ट्रेनें, दिल्ली-चंडीगढ़ और पंजाब वालों को भी मिलेगा फायदा
दिवाली और छठ पर घर जाने वाले यात्रियों के लिए रेलवे ने राहत दी है. उत्तर प्रदेश से होकर चंडीगढ़-बरौनी, छेहरटा-मुजफ्फरपुर और दिल्ली के शकूर बस्ती-झंझारपुर के बीच तीन त्योहार स्पेशल ट्रेनें चलेंगी.
ADVERTISEMENT

उत्तर प्रदेश से होकर गुजरने वाली तीन त्योहार स्पेशल ट्रेनों के संचालन का ऐलान किया गया है. इससे दिवाली-छठ के मौके पर लोगों को घर जाने में सहूलियत मिलेगी. दिवाली-छठ के दौरान लाखों की संख्या में लोग बड़े शहरों से यूपी आते हैं या फिर यूपी होते हुए बिहार, झारखंड या कोलकाता जाते हैं.
त्योहार स्पेशल ट्रेनों में चंडीगढ़-बरौनी, छेहरटा-मुजफ्फरपुर और दिल्ली के शकूर बस्ती से झंझारपुर के बीच चलने वाली ट्रेनें शामिल हैं. इन ट्रेनों के चलने से त्योहारों के दौरान यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिलेगा. पूर्वोत्तर रेलवे ने इनके संचालन की तारीखें और समय जारी कर दिया है.
छेहरटा-मुजफ्फरपुर स्पेशल ट्रेन गोरखपुर होकर चलेगी
04640/04639 छेहरटा-मुजफ्फरपुर-छेहरटा साप्ताहिक त्योहार स्पेशल ट्रेन 19 अक्टूबर से 30 नवंबर 2026 तक प्रत्येक सोमवार को छेहरटा से चलेगी. वापसी में 20 अक्टूबर से 1 दिसंबर तक प्रत्येक मंगलवार को मुजफ्फरपुर से रवाना होगी. दोनों दिशाओं में सात-सात फेरों का संचालन निर्धारित है.
छेहरटा से ट्रेन सुबह 8:35 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 6:10 बजे गोरखपुर पहुंचेगी. यहां से सुबह 6:57 बजे कप्तानगंज और फिर सिसवा बाजार, बगहा, नरकटियागंज, बेतिया, सगौली और बापूधाम मोतिहारी होते हुए दोपहर 1:10 बजे मुजफ्फरपुर पहुंचेगी.
वापसी में मुजफ्फरपुर से ट्रेन शाम 4 बजे चलेगी और अगले दिन रात 12:05 बजे गोरखपुर पहुंचेगी. इसके बाद गोंडा, सीतापुर, शाहजहांपुर, बरेली, मुरादाबाद, सहारनपुर, अंबाला कैंट, लुधियाना और जालंधर सिटी होते हुए रात 9:30 बजे छेहरटा पहुंचेगी.
इस ट्रेन में कुल 19 कोच होंगे. इनमें वातानुकूलित तृतीय श्रेणी के दो, द्वितीय श्रेणी का एक, शयनयान के आठ, सामान्य द्वितीय श्रेणी के छह और अन्य दो कोच शामिल हैं.
दिल्ली से झंझारपुर के लिए अनारक्षित स्पेशल ट्रेन
04410/04409 शकूर बस्ती-झंझारपुर-शकूर बस्ती अनारक्षित त्योहार स्पेशल ट्रेन नवंबर में आठ-आठ फेरों में चलेगी. शकूर बस्ती से यह ट्रेन 5, 6, 7, 10, 11, 12, 13 और 14 नवंबर को रवाना होगी. वापसी में झंझारपुर से 6, 7, 8, 11, 12, 13, 14 और 15 नवंबर को चलेगी.
दिल्ली के शकूर बस्ती से ट्रेन दोपहर 1 बजे रवाना होगी. नई दिल्ली, गाजियाबाद, अलीगढ़ और कानपुर सेंट्रल होते हुए अगले दिन सुबह 7:06 बजे गोरखपुर पहुंचेगी. यहां से कप्तानगंज, बगहा, नरकटियागंज, रक्सौल और सीतामढ़ी समेत कई स्टेशनों से गुजरते हुए शाम 4 बजे झंझारपुर पहुंचेगी.
वापसी में ट्रेन झंझारपुर से शाम 6:15 बजे चलेगी और अगले दिन सुबह 7:40 बजे गोरखपुर पहुंचेगी. इसके बाद गोंडा, ऐशबाग, उन्नाव, कानपुर सेंट्रल, अलीगढ़ और गाजियाबाद होते हुए तीसरे दिन रात 1:40 बजे शकूर बस्ती पहुंचेगी.
ट्रेन में कुल 20 कोच होंगे. इनमें सामान्य द्वितीय श्रेणी और शयनयान श्रेणी के 18 कोच तथा एसएलआर के दो कोच शामिल हैं. शयनयान श्रेणी के कोच भी अनारक्षित होंगे.
चंडीगढ़-बरौनी स्पेशल ट्रेन भी गोरखपुर होकर चलेगी
04536/04535 चंडीगढ़-बरौनी-चंडीगढ़ साप्ताहिक आरक्षित त्योहार स्पेशल ट्रेन चंडीगढ़ से 23 अक्टूबर से 27 नवंबर 2026 तक प्रत्येक शुक्रवार को चलेगी. वापसी में बरौनी से 25 अक्टूबर से 29 नवंबर तक प्रत्येक रविवार को इसका संचालन होगा. दोनों दिशाओं में छह-छह फेरे निर्धारित हैं.
चंडीगढ़ से ट्रेन रात 11:45 बजे रवाना होगी. अगले दिन शाम 5 बजे गोरखपुर पहुंचेगी. इसके बाद देवरिया सदर, सीवान, छपरा, सोनपुर, हाजीपुर और शाहपुर पटोरी होते हुए तीसरे दिन रात 12:30 बजे बरौनी पहुंचेगी.
वापसी में बरौनी से ट्रेन रात 2:35 बजे रवाना होगी और सुबह 10:20 बजे गोरखपुर पहुंचेगी. इसके बाद गोंडा, सीतापुर, शाहजहांपुर, बरेली और मुरादाबाद होते हुए अगले दिन सुबह 3:35 बजे चंडीगढ़ पहुंचेगी.
इस ट्रेन में वातानुकूलित तृतीय श्रेणी के 11 और द्वितीय श्रेणी के तीन कोच होंगे. इसके अलावा जनरेटर सह लगेज यान के दो कोच लगाए जाएंगे. कुल कोचों की संख्या 16 होगी.
गोरखपुर-इज्जतनगर एक्सप्रेस के समय में बदलाव
पूर्वोत्तर रेलवे ने 15009/15010 गोरखपुर-इज्जतनगर-गोरखपुर एक्सप्रेस के समय में भी बदलाव किया है. संशोधित समय-सारणी 1 नवंबर 2026 से लागू होगी. ट्रेन दोनों दिशाओं में रोजाना चलेगी.
नई समय-सारणी के मुताबिक, 15009 गोरखपुर-इज्जतनगर एक्सप्रेस रात 9 बजे गोरखपुर से रवाना होगी. यह मानीराम, पीपीगंज, कैंपियरगंज, आनंदनगर, सिद्धार्थनगर, बढ़नी, तुलसीपुर, बलरामपुर और गोंडा होते हुए लखनऊ के विभिन्न स्टेशनों से गुजरेगी. इसके बाद सीतापुर, लखीमपुर, गोला गोकर्णनाथ, मैलानी और पीलीभीत होते हुए अगले दिन सुबह 11:35 बजे इज्जतनगर पहुंचेगी.
वापसी में 15010 इज्जतनगर-गोरखपुर एक्सप्रेस शाम 5 बजे इज्जतनगर से चलेगी. यह पीलीभीत, पूरनपुर, मैलानी, लखीमपुर, सीतापुर, लखनऊ के विभिन्न स्टेशनों, गोंडा और बलरामपुर होते हुए अगले दिन सुबह 7 बजे गोरखपुर पहुंचेगी.
रेल प्रशासन ने त्योहारों में यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए तीन स्पेशल ट्रेनों के संचालन और एक नियमित एक्सप्रेस के समय में बदलाव की जानकारी जारी की है. यात्रियों को यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की तारीख और संबंधित स्टेशन पर आगमन-प्रस्थान का समय जांच लेना चाहिए.
ये भी पढ़ें- अखिलेश यादव की रामपुर जेल में आजम खान से होने वाली मुलाकात के क्या हैं मायने? समझिए पूरी Inside स्टोरी
