मोदी सरकार ने दिया दिवाली गिफ्ट, महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी का ऐलान; कितनी बढ़ जाएगी आपकी सैलरी?
दिवाली से पहले केंद्र सरकार ने केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स को राहत देते हुए महंगाई भत्ते (DA) में 3 फीसदी बढ़ोतरी को मंजूरी दी है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में 28 अक्टूबर 2026 को हुई कैबिनेट बैठक में लिए गए फैसले के बाद DA 60 फीसदी से बढ़कर 63 फीसदी हो जाएगा.
ADVERTISEMENT

केंद्र सरकार ने दिवाली से पहले केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स को महंगाई भत्ते (DA) में बढ़ोतरी का तोहफा दिया है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार, 28 अक्टूबर को हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में महंगाई भत्ते में 3 फीसदी बढ़ोतरी को मंजूरी दी गई. इस फैसले के बाद केंद्रीय कर्मचारियों का DA 60 फीसदी से बढ़कर 63 फीसदी हो जाएगा. बढ़ी हुई दर 1 जुलाई 2026 से लागू होगी.
केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कैबिनेट के फैसले की जानकारी दी. सरकार के इस निर्णय से करीब 48 लाख केंद्रीय कर्मचारियों और 68 लाख से अधिक पेंशनर्स को फायदा मिलेगा. बढ़ोतरी से सरकारी खजाने पर सालाना करीब 10,016 करोड़ रुपये का अतिरिक्त खर्च आएगा.
यूपी के उन कर्मचारियों को भी फायदा मिलेगा जो केंद्र की नौकरी करते हैं. DA में बढ़ोतरी का फायदा कर्मचारियों को हर महीने मिलने वाली सैलरी में मिलेगा. चूंकि नई दर 1 जुलाई से लागू की गई है, इसलिए कर्मचारियों को पिछले महीनों का एरियर भी दिया जाएगा. पेंशनर्स को भी महंगाई राहत (DR) में इसी अनुपात में बढ़ोतरी का लाभ मिलेगा.
60% से बढ़कर 63% हुआ महंगाई भत्ता
केंद्र सरकार साल में दो बार महंगाई भत्ते की समीक्षा करती है. इसका उद्देश्य बढ़ती महंगाई के असर को कम करने में कर्मचारियों और पेंशनर्स की मदद करना है. इस साल अप्रैल में सरकार ने DA में 2 फीसदी की बढ़ोतरी की थी, जिसके बाद यह 58 फीसदी से बढ़कर 60 फीसदी हो गया था.
अब जुलाई 2026 से लागू होने वाली नई बढ़ोतरी के बाद DA की दर 63 फीसदी हो गई है. इसका मतलब है कि कर्मचारियों को उनकी बेसिक सैलरी के 63 फीसदी के बराबर महंगाई भत्ता मिलेगा.
उदाहरण के लिए, किसी कर्मचारी की बेसिक सैलरी 30,000 रुपये है तो पहले उसे 18,000 रुपये DA मिलता था. 63 फीसदी की नई दर के हिसाब से अब उसका महंगाई भत्ता 18,900 रुपये होगा. इसका मतलब है कि हर महीने 900 रुपये की बढ़ोतरी होगी.
18,000 रुपये से 50,000 रुपये तक की बेसिक सैलरी पर कितना फायदा?
DA में 3 फीसदी की बढ़ोतरी का सीधा असर कर्मचारियों की मासिक कमाई पर पड़ेगा. इसका हिसाब बेसिक सैलरी के आधार पर लगाया जाता है. अलग-अलग बेसिक सैलरी पर कर्मचारियों को मिलने वाला अतिरिक्त महंगाई भत्ता इस तरह होगा.
- अगर आपकी बेसिक सैलरी 18,000 रुपये है: 3 फीसदी बढ़ोतरी के हिसाब से हर महीने 540 रुपये अतिरिक्त मिलेंगे. इस तरह सालभर में 6,480 रुपये का फायदा होगा.
- अगर आपकी बेसिक सैलरी 30,000 रुपये है: हर महीने 900 रुपये ज्यादा मिलेंगे. सालभर में यह रकम 10,800 रुपये होगी.
- अगर आपकी बेसिक सैलरी 50,000 रुपये है: हर महीने 1,500 रुपये अतिरिक्त मिलेंगे. इस हिसाब से सालभर में 18,000 रुपये का फायदा होगा.
हमने ये गणना केवल DA में बढ़ोतरी के आधार पर की है. वास्तविक सैलरी में अन्य भत्तों, कटौतियों और सेवा संबंधी नियमों के कारण अंतर हो सकता है.
कितने रुपये का मिलेगा एरियर?
महंगाई भत्ते की नई दर 1 जुलाई 2026 से लागू होने के कारण कर्मचारियों को पिछली अवधि का बकाया भी मिलेगा. एरियर की रकम इस बात पर निर्भर करेगी कि कर्मचारी की बेसिक सैलरी कितनी है और भुगतान में कितने महीनों का अंतर शामिल है.
अगर चार महीने का एरियर जोड़ा जाए तो अनुमानित रकम इस प्रकार होगी:
- 18,000 रुपये बेसिक सैलरी: हर महीने 540 रुपये अतिरिक्त DA के हिसाब से चार महीने का एरियर 2,160 रुपये होगा.
- 30,000 रुपये बेसिक सैलरी: हर महीने 900 रुपये की बढ़ोतरी के हिसाब से चार महीने का एरियर 3,600 रुपये होगा.
- 50,000 रुपये बेसिक सैलरी: हर महीने 1,500 रुपये अतिरिक्त DA के हिसाब से चार महीने का एरियर 6,000 रुपये होगा.
ये आंकड़े चार महीने के बकाये की गणना पर आधारित हैं. वास्तविक भुगतान में संबंधित अवधि और वेतन बिल के हिसाब से रकम तय होगी. अक्टूबर की सैलरी में बढ़ी हुई दर का भुगतान और बकाया शामिल होने की स्थिति भुगतान प्रक्रिया पर निर्भर करेगी.
पेंशनर्स को भी मिलेगा फायदा
कैबिनेट के फैसले का लाभ केंद्रीय पेंशनर्स को भी मिलेगा. कर्मचारियों को महंगाई भत्ता (DA) दिया जाता है, जबकि पेंशनर्स को इसी तरह महंगाई राहत (DR) मिलती है. DR में 3 फीसदी बढ़ोतरी के बाद पेंशनर्स को भी अपनी बेसिक पेंशन के आधार पर अतिरिक्त रकम मिलेगी.
इस फैसले से करीब 68 लाख पेंशनर्स को फायदा पहुंचने का अनुमान है. उन्हें भी 1 जुलाई 2026 से लागू नई दर के अनुसार बकाया मिलने का लाभ होगा.
सरकार का कहना है कि DA और DR में बढ़ोतरी का उद्देश्य महंगाई के असर को कम करना है. इस फैसले से कर्मचारियों की मासिक आय और पेंशनर्स को मिलने वाली रकम में इजाफा होगा.
कैबिनेट ने दूसरे प्रस्तावों को भी मंजूरी दी
DA बढ़ोतरी के अलावा केंद्रीय कैबिनेट ने मैन्युफैक्चरिंग, स्पोर्ट्स गुड्स मैन्युफैक्चरिंग और ग्राम विकास योजना से जुड़े प्रस्तावों को भी मंजूरी दी. इन योजनाओं के लिए अलग-अलग राशि आवंटित करने की जानकारी केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दी.
ये भी पढ़ें- लखनऊ ट्रिपल मर्डर के आरोपी ऋषभ शुक्ला के मकान का क्या हुआ? बुलडोजर एक्शन पर नया अपडेट
