लेटेस्ट न्यूज़

कोर्ट में सुनवाई से ठीक पहले भानवी सिंह की कार और घर के गेट को आग के हवाले किया गया, राजा भैया की बेटी ने ये सब बताया

UP News: कुंडा विधायक राजा भैया की बेटी राघवी कुमारी ने दिल्ली के घर पर हमले और आगजनी का आरोप लगाया है. भानवी सिंह और राजा भैया के बीच चल रहे तलाक विवाद में नया मोड़ सामने आया है.

ADVERTISEMENT

UP News
UP News
social share
Google CTA

UP News: यूपी के बाहुबली नेता, कुंडा से विधायक और जनसत्ता दल (लोकतांत्रिक) के मुखिया रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया के पारिवारिक विवाद ने अब एक बेहद ही खतरनाक मोड़ ले लिया है. राजा भैया की बेटी राघवी कुमारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक वीडियो और पोस्ट शेयर कर सनसनीखेज आरोप लगाए हैं. राघवी के अनुसार, उनके घर पर जानलेवा हमला हुआ है और उनकी जान को खतरा है. राघवी कुमारी ने दिल्ली के ग्रीन पार्क स्थित अपने घर पर हुए हमले की जानकारी देते हुए अधिकारियों से मदद मांगी है. 

राघवी कुमारी ने अपने पोस्ट में बताया कि महीनों से वह, उनकी मां (भानवी सिंह) और उनकी बहन खतरे के साये में जी रही हैं.  उन्होंने कहा, "महीनों से मेरी मां, बहन और मैं कह रहे हैं कि हमें खतरा है. हमने लगातार कानून और सुरक्षा की मांग की है. हाल ही में हमने सफदरजंग थाने में FIR दर्ज करने के लिए शिकायत भी दी थी. मेरी मां की MP-MLA कोर्ट (राउज एवेन्यू) में सुनवाई से ठीक एक रात पहले दिल्ली के ग्रीन पार्क स्थित हमारे घर के गेट और कार में आग लगा दी गई."

राघवी ने आगे बताया कि CCTV फुटेज में एक अज्ञात व्यक्ति गेट के बाहर पिस्टल लहराते हुए दिखाई दे रहा है. उस शख्स ने दीवार फांदने की कोशिश की और आखिर में उनकी स्विफ्ट कार और मेन गेट को आग के हवाले कर दिया. राघवी ने अपील करते हुए कहा कि घर में तीन महिलाएं अकेली हैं और इन हमलों को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता.

क्या है राजा भैया और भानवी सिंह के बीच की लड़ाई?

राजा भैया और उनकी पत्नी भानवी सिंह के बीच का रिश्ता पिछले कुछ सालों से सुर्खियों में है. राजा भैया ने दिल्ली की साकेत कोर्ट में भानवी सिंह से तलाक की अर्जी दाखिल की है. उन्होंने अपनी याचिका में भानवी पर परिवार के साथ दुर्व्यवहार के आरोप लगाए हैं. वहीं भानवी सिंह ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है. 

विवाद की शुरुआत तब हुई जब भानवी सिंह ने राजा भैया के बेहद करीबी और एमएलसी अक्षय प्रताप सिंह के खिलाफ दिल्ली में धोखाधड़ी और जालसाजी का मुकदमा दर्ज कराया. भानवी ने अक्षय पर उनकी कंपनी के फर्जी हस्ताक्षर करने के आरोप लगाए थे.  राजा भैया ने इस मामले में अपनी पत्नी के बजाय अपने भाई समान दोस्त अक्षय प्रताप का साथ दिया जिससे दूरियां और बढ़ गईं. 

भानवी सिंह लगातार यह आरोप लगाती रही हैं कि उन्हें और उनकी बेटियों को राजा भैया के प्रभाव के चलते डराया-धमकाया जा रहा है. भानवी अब राजा भैया से अलग रह रही हैं और दोनों के बीच कई मुकदमे चल रहे हैं. 

ये भी पढ़ें: प्रतापगढ़ में राजा भैया को घेरने के लिए अखिलेश यादव लेकर आए ज्योत्सना सिंह को! बड़े खेल की तैयारी में सपा चीफ