साबरमती जेल से बाहर आते समय अतीक अहमद बोला- ‘मुझे ये जान से मारना चाहते हैं’

यूपी तक

26 Mar 2023 (अपडेटेड: 26 Mar 2023, 02:26 PM)

रविवार को यूपी पुलिस माफिया अतीक अहमद (Atiq Ahmed) को गुजरात के अहमदाबाद स्थित साबरमती जेल से लेकर प्रयागराज के लिए निकल गई है. साबरमती…

UP Tak
Google CTA

रविवार को यूपी पुलिस माफिया अतीक अहमद (Atiq Ahmed) को गुजरात के अहमदाबाद स्थित साबरमती जेल से लेकर प्रयागराज के लिए निकल गई है. साबरमती जेल से बाहर आते समय अतीक अहमद ने बड़ा बयान दिया है. अतीक अहमद ने अपनी जान को खतरा बताया है. अतीक ने कहा कि ‘मुझे ये जान से मारना चाहते हैं.’

यह भी पढ़ें...

बता दें कि अतीक अहमद को सड़क मार्ग से यूपी पुलिस प्रयागराज ला रही है. पुलिस काफीले में 6 वाहन हैं. इनमें 2 वज्र वाहन भी हैं. 45 पुलिसकर्मी की एक टीम अतीक को प्रयागराज ला रही है. इस बीच खबर आ रही है कि पुलिस के इस काफिले के पीछे चल रही मीडिया की गाड़ियों को रोक दिया गया है.

अतीक साबरमती जेल में जून 2019 से बंद है. पिछले दिनों प्रयागराज के उमेश पाल हत्याकांड मामले में अतीक अहमद का नाम मुख्य आरोपी के तौर पर सामने आया. इसी मामले में आरोपी अतीक अहमद की 28 मार्च को सुबह 11:00 बजे प्रयागराज स्थित एमपी-एमएलए कोर्ट में पेशी होनी है. इस मामले में अतीक अहमद को कोर्ट के सामने पेश करने के लिए यूपी पुलिस साबरमती जेल में बंद अतीक अहमद को प्रयागराज लेकर जा रही है.

ये भी पढ़ें- अतीक अहमद को साबरमती जेल से लेकर प्रयागराज के लिए निकली पुलिस, मीडिया की गाड़ियों को पीछे आने से रोका गया

इससे पहले अतीक अहमद को गुजरात की साबरमती जेल से यूपी की प्रयागराज जेल में स्थानांतरित करने पर डीजी (जेल) आनंद कुमार ने ANI न्यूज एजेंसी को बताया, ‘अतीक अहमद को जेल में हाई-सिक्योरिटी बैरक में आइसोलेशन में रखा जाएगा. सेल में सीसीटीवी कैमरा होगा. जेल कर्मचारियों को उनके रिकॉर्ड के आधार पर चुना और तैनात किया जाएगा, उनके पास बॉडी वियर कैमरे होंगे. प्रयागराज जेल कार्यालय और जेल मुख्यालय चौबीसों घंटे निगरानी करेगा.’ उन्होंने बताया कि डीआईजी जेल मुख्यालय को प्रयागराज जेल समस्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए रवाना किया जा रहा है.

राजू पाल की हत्या का मुख्य आरोपी

गौरतलब है कि 24 फरवरी को धूमनगंज थाना क्षेत्र के जयंतीपुर में उमेश पाल और उसके एक सुरक्षाकर्मी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. इस हमले में घायल एक दूसरे सुरक्षाकर्मी की भी लखनऊ के एसजीपीजीआई में उपचार के दौरान मौत हो गई थी. इस हत्याकांड के बाद उमेश पाल की पत्नी ने पूर्व सांसद अतीक अहमद, उसके भाई अशरफ, पत्नी शाइस्ता परवीन और दो बेटों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई थी. पुलिस इस घटना को लेकर अतीक से जुड़े लोगों पर कार्रवाई कर रही है.

अतीक अहमद 2005 में तत्कालीन बसपा विधायक राजू पाल की हत्या के मामले में मुख्य आरोपी है. उसके खिलाफ उमेश पाल की हत्या के मामले में हाल ही में मुकदमा दर्ज किया गया था. उमेश पाल, राजू पाल की हत्या का मुख्य गवाह था.