कौन हैं अशोक सिद्धार्थ? जिनकी वजह से मायावती ने आकाश आनंद को हटाया और कहा ‘उन्होंने उसका राजनीतिक करियर बर्बाद किया’

आयुष अग्रवाल

• 03:07 PM • 02 Mar 2025

UP News: बसपा चीफ मायावती ने आकाश आनंद को सभी पदों से हटा दिया है और इसका जिम्मेदार अशोक सिद्धार्थ को ठहराया है. मायावती ने यहां तक कहा है कि अशोक सिद्धार्थ ने आकाश आनंद का राजनीतिक करियर बर्बाद कर दिया. अब हम आपको बताते हैं कि आखिर ये अशोक सिद्धार्थ कौन हैं? जिनपर मायावती इतना भड़की हुई हैं.

Mayawati, Akash Anand, Ashok Siddharth, who is Ashok Siddharth bsp, BSP, UP Politics, मायावती, आकाश आनंद, अशोक सिद्धार्थ, यूपी न्यूज

Mayawati and Ashok Siddharth

Google CTA

UP News: बहुजन समाज पार्टी की सुप्रीमो और उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने आज लखनऊ में बड़ा फैसला लेते हुए अपने भतीजे और उत्तराधिकारी माने जाने वाले आकाश आनंद के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें सभी पदों से हटा दिया है. आकाश को नेशनल कॉरीडेनरट के पद समेत सभी जिम्मेदारियों से मुक्त करते हुए मायावती ने आकाश के पिता आनंद कुमार और राज्यसभा सांसद राम जी गौतम को नेशनल कॉरीडेनरट बनाया है. इसी के साथ बसपा चीफ ने आकाश आनंद को लेकर काफी सख्त टिप्पणी भी की है और साफ कह दिया है कि जब तक वह जिंदा हैं, तब तक उनका कोई उत्तराधिकारी नहीं होगा.

यह भी पढ़ें...

मायावती इस बैठक में अशोक सिद्धार्थ के खिलाफ काफी हमलावर रही हैं और अशोक सिद्धार्थ पर पार्टी में गुटबाजी करने और पार्टी को कमजोर करने का आरोप लगाया है. मायावती ने ये भी कहा है कि अशोक सिद्धार्थ ने आकाश आनंद का राजनीतिक करियर भी बर्बाद कर दिया है. आपको ये भी बता दें कि अशोक सिद्धार्थ आकाश आनंद के ससुर भी हैं. अब आपको बताते हैं कि आखिर अशोक सिद्धार्थ कौन हैं? जिनको लेकर मायावती इतना भड़की हुई हैं. 

कौन हैं अशोक सिद्धार्थ?

कभी अशोक सिद्धार्थ की गिनती बहुजन समाज पार्टी के कद्दावर नेताओं और मायावती के करीबियों में होती थी. मायावती ने अपने भतीजे आकाश आनंद की शादी अशोक सिद्धार्थ की बेटी प्रज्ञा से करवाई थी. अशोक सिद्धार्थ बहुजन समाज पार्टी के राज्यसभा सांसद भी रहे हैं. इसी के साथ उन्होंने बसपा में कई अहम और बड़ी जिम्मेदारियां निभाई हैं.

मीडियो रिपोर्ट की माने तो अशोक सिद्धार्थ का जन्म 5 फरवरी 1965 के दिन हुआ था. अशोक उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद के कायमगंज के रहने वाले हैं. बताया ये भी जाता है कि अशोक सिद्धार्थ के पिता काशीराम के साथ जुड़े थे और उनके काफी करीबी थे. इसके बाद अशोक सिद्धार्थ भी बसपा के साथ जुड़ गए. माना जाता है कि मायावती के कहने पर ही अशोक सिद्धार्थ ने नौकरी से इस्तीफा देकर बहुजन समाज पार्टी का हाथ थामा था और पार्टी-मूवमेंट के साथ जुड़ गए थे. अशोक सिद्धार्थ को मायावती के भाई आनंद कुमार का काफी करीबी दोस्त माना जाता है.

पेशे से डॉक्टर हैं अशोक सिद्धार्थ

मीडिया रिपोर्ट की माने तो अशोक सिद्धार्थ आंखों के डॉक्टर हैं. उन्होंने बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी और महारानी लक्ष्मीबाई कॉलेज से पढ़ाई की है. अशोक को बसपा एमएलसी भी बना चुकी है. फिलहाल अशोक दक्षिण राज्यों के प्रभारी थे. मगर पिछले दिनों ही मायावती ने पार्टी विरोधी गतिविधियों और पार्टी में गुटबाजी करने के आरोप में अशोक सिद्धार्थ को पार्टी से निकाल दिया था. आज मायावती ने अशोक के दामाद और अपने भतीजे आकाश आनंद को भी सभी पदों से हटा दिया है और इसका जिम्मेदार भी अशोक सिद्धार्थ को ही ठहराया है.