बाराबंकी में बाबरी मस्जिद को लेकर सीएम योगी ने कही बड़ी बात, इसे फिर से बनाने का सपना देखने वालों पर ये बोले

CM Yogi Adityanath on Babri Masjid: बाराबंकी पहुंचे सीएम योगी आदित्यनाथ ने बाबरी ढांचे का नाम लेकर बेहद सख्त बयान दिया है. उन्होंने साफ कहा है कि कयामत के दिन तक बाबरी मस्जिद के ढांचे का पुनर्निर्माण नहीं होगा. 

CM Yogi Adityanath on Babri Masjid

सैयद रेहान मुस्तफा

10 Feb 2026 (अपडेटेड: 10 Feb 2026, 04:05 PM)

follow google news

CM Yogi Adityanath on Babri: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बाबरी मस्जिद को लेकर बड़ा बयान दिया है. जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि कयामत के दिन तक बाबरी मस्जिद के ढांचे का पुनर्निर्माण नहीं होगा. 

यह भी पढ़ें...

मुख्यमंत्री योगी ने आगे कहा, जो लोग ऐसे सपने देखते हैं, उनका सपना कभी पूरा नहीं होगा. कयामत के दिन तक बाबरी के ढांचे का पुनर्निर्माण नहीं होगा. इसी के साथ सीएम योगी ने राम मंदिर का भी जिक्र किया. 

उन्होंने कहा 'हम लोगों ने कहा था कि रामलला हम आएंगे, मंदिर वहीं बनाएंगे.' अपनी बात को जारी रखते हुए सीएम योगी ने कहा, बन गया है न वहीं पर मंदिर. आज मंदिर अपने निर्धारित स्थान पर बन चुका है. 

वीडियो देखिए

हमें सजग होना होगा- सीएम योगी आदित्यनाथ

इस दौरान सीएम योगी ने कहा, भारत और सनातन दोनों एक दूसरे के पूरक हैं. दोनों को अलग करके नहीं रखा जा सकता है. उन्होंने आगे कहा, 'वर्तमान में आप देख रहे होंगे दुनिया भर से सनातन पर, भारत और भारतीयता पर अंदर और बाहर से प्रहार हो रहे हैं. इन प्रहारों से हमें सजग होना होगा, सचेत रहना होगा'. सीएम योगी ने आगे कहा, जिन लोगों को भारत की प्रगति अच्छी नहीं लग रही है, जिनको भारत का विकास अच्छा नहीं लग रहा है, जिनको विकसित भारत की संकल्पना पचती नहीं है, वे लोग साजिश में लगे हुए हैं. 

अपनी बात को जारी रखते हुए सीएम योगी ने आगे कहा, 'कुछ लोग साजिश कर रहे हैं, कुछ लोग साजिश का शिकार हो रहे हैं और कुछ लोग उस साजिश के लिए बिक करके कार्य कर रहे हैं. हमें इन तीनों प्रकार की दुष्प्रवृत्तियों को रोकने के लिए अपने आप को तैयार करना होगा.'

आज हिंदू वादी संगठनों ने किया था मुर्शिदाबाद कूच का ऐलान

आपको बता दें कि आज लखनऊ में हिंदू वादी संगठनों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता जमा हुए थे. ये सभी काफिले के साथ पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जा रहे थे. दरअसल पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में विधायक हुमायूं कबीर ने 11 फरवरी से वहां बाबरी मस्जिद के निर्माण की बात की है.

इसको लेकर लखनऊ में हिंदू वादी संगठन विरोध प्रदर्शन कर रहे थे और काफिला लेकर पश्चिम बंगाल जा रहे थे. मगर लखनऊ पुलिस ने इस काफिले को रोक लिया था. इसी बीच आज सीएम योगी का बाबरी ढांचे को लेकर बेहद सख्त बयान सामने आया है.