Akhilesh Yadav On Raksha Bandhan Free Bus: उत्तर प्रदेश में रक्षाबंधन के मौके पर महिलाओं के लिए घोषित मुफ्त बस यात्रा को लेकर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बीजेपी सरकार पर तीखा हमला बोला है. अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि सरकार ने महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा का वादा तो किया, लेकिन कई जगहों पर उन्हें बसें नहीं मिलीं, सीटें उपलब्ध नहीं थीं और कुछ बसें निर्धारित स्थानों पर नहीं रुकीं. उन्होंने सोशल मीडिया पर प्रयागराज समेत अलग-अलग जगहों के वीडियो शेयर करते हुए सरकार पर वादा पूरा नहीं करने का आरोप लगाया. इसी दौरान उन्होंने बीजेपी की तुलना रावण से करते हुए कहा कि पार्टी ने अपनी बहनों को जिस तरह धोखा दिया, वैसा रावण ने भी नहीं किया था.
ADVERTISEMENT
डिपो का वीडियो शेयर कर लगाए आरोप
अखिलेश यादव ने X पर एक वीडियो क्लिप साझा की, जिसमें प्रयागराज का कीचड़ से भरा बस डिपो दिखाई दे रहा है. उन्होंने दावा किया कि रक्षाबंधन के दिन प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों से महिलाओं ने बस सेवा को लेकर शिकायतें कीं. सपा प्रमुख के मुताबिक, कई महिलाओं ने बसें नहीं मिलने, सीटें खाली नहीं होने और तय स्थानों पर बसों के नहीं रुकने की शिकायत की. उन्होंने आरोप लगाया कि मुफ्त यात्रा की घोषणा के बावजूद कुछ जगहों पर महिलाओं को परेशानी का सामना करना पड़ा.
महिलाओं के लिए मुफ्त थी यात्रा
दरअसल उत्तर प्रदेश सरकार ने रक्षाबंधन के अवसर पर महिलाओं की यात्रा को आसान बनाने के लिए यूपी राज्य सड़क परिवहन निगम की सभी बसों में मुफ्त यात्रा की घोषणा की थी. यह सुविधा 27 अगस्त की आधी रात से शुक्रवार की आधी रात तक लागू की गई थी. घोषणा के मुताबिक महिलाओं के साथ एक व्यक्ति को भी मुफ्त यात्रा की सुविधा दी जानी थी. सरकार ने परिवहन विभाग पुलिस और स्थानीय प्रशासन को महिलाओं की यात्रा को सुचारू और सुरक्षित बनाने के निर्देश दिए थे.
अखिलेश बोले- 'रावण ने भी ऐसा धोखा नहीं दिया'
मुफ्त बस सेवा को लेकर अखिलेश यादव ने बीजेपी पर तीखा हमला किया. उन्होंने कहा 'रावण ने भी अपनी बहनों को उस तरह धोखा नहीं दिया. अधर्मी बीजेपी और उसके 'संगी-साथी' दशानन से भी बड़े झूठे निकले, क्योंकि वे 10 से ज्यादा मुंहों से 10 गुना ज्यादा झूठ बोलते हैं.' अखिलेश ने आगे कहा, 'रावण ने तो बस अपना रूप बदलकर एक बार धोखा दिया था, जबकि ये एक ही रूप में रहकर लोगों को धोखा देते और ठगते रहते हैं.'
अखिलेश का बीजेपी पर किया बड़ा हमला
सपा प्रमुख ने अपने बयान में बीजेपी पर आगे भी निशाना साधा. उन्होंने कहा, 'बीजेपी अब चाहे जितना कीचड़ फैला ले, उसका कमल नहीं खिलेगा. बीजेपी जाएगी और कभी वापस नहीं आएगी.' अखिलेश यादव ने जो वीडियो शेयर किया, उसमें उत्तर प्रदेश की अलग-अलग जगहों से महिलाओं की सोशल मीडिया पर की गई शिकायतों का कलेक्शन था. उनका आरोप था कि मुफ्त यात्रा की घोषणा के बावजूद कई जगहों पर महिलाओं को बसों के लिए परेशान होना पड़ा.
'बे-बस बहन' लिखकर फिर साधा निशाना
अखिलेश यादव ने शुक्रवार को एक और X पोस्ट के जरिए सरकार पर हमला बोला. उन्होंने मुफ्त बस यात्रा के मुद्दे पर 'बस' शब्द के साथ तंज कसते हुए महिलाओं के लिए 'बे-बस बहन' का इस्तेमाल किया. उन्होंने लिखा, 'बे-बस बहन : रक्षाबंधन पर मुफ्त बस का वादा करके बस ही हटवा दी!' इसके साथ ही उन्होंने लिखा, 'प्राण जाए पर वचन न जाए' कहने वाले रघुवंशियों तक को ठग लेने वाले ये भाजपाई क्या वचन निभाएंगे. इस तरह सपा प्रमुख ने रक्षाबंधन पर मुफ्त बस सेवा को लेकर सरकार की व्यवस्था और उसके वादे पर सवाल खड़े किए हैं.
ADVERTISEMENT











