Dhanraj Nathwani On Akhilesh Yadav: चुनाव आयोग और SIR के खिलाफ INDIA ब्लॉक के 140 से अधिक सांसदों के प्रदर्शन के बीच समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया. अखिलेश यादव के साथ टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी, डेरेक ओ ब्रायन समेत कई विपक्षी नेताओं को भी हिरासत में लिए जाने की जानकारी सामने आई है. इसी बीच समाजवादी पार्टी के राज्यसभा प्रत्याशी धनराज परिमल नाथवानी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अखिलेश यादव की हिरासत को लेकर प्रतिक्रिया दी है.
ADVERTISEMENT
धनराज नाथवानी ने X पर क्या लिखा?
धनराज नाथवानी ने एक्स पर लिखा, 'मुझे उम्मीद है कि SP के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अखिलेश यादव जी और अन्य नेताओं की हिरासत से जुड़ी चिंताएं जल्द से जल्द दूर हो जाएंगी. शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखना और लोकतांत्रिक बातचीत हमारे लोकतंत्र का अहम हिस्सा हैं.'
हिरासत में लेने के बाद अखिलेश ने क्या कहा?
अखिलेश यादव को हिरासत में लेकर जब बस में बैठाया गया, तब उन्होंने कहा, 'हमें CEC से मिलाने ले जाया जा रहा है. भाजपा ने कह दिया है बस जा सकती है चुनाव आयोग.' प्रदर्शन के दौरान अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और निष्पक्षता पर सवाल उठाए. उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करते हुए आयोग पर वोट चोरी और बीजेपी के पक्ष में काम करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग निष्पक्ष नहीं है और संविधान के तहत काम नहीं कर रहा. अखिलेश ने बंगाल और उत्तर प्रदेश के उपचुनावों का भी जिक्र किया और धांधली के आरोप लगाए.
कुछ दिन पहले ही SP ने बनाया था राज्यसभा उम्मीदवार
धनराज परिमल नाथवानी का समाजवादी पार्टी से जुड़ाव हाल में सामने आया है. 30 सितंबर को सपा ने उत्तर प्रदेश की राज्यसभा सीटों के लिए प्रो. राम गोपाल यादव और धनराज परिमल नथवानी को अपना प्रत्याशी घोषित किया था. बता दें धनराज, रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड से जुड़े वरिष्ठ पदाधिकारी हैं और ग्रुप प्रेसिडेंट के पद पर काम करते हैं. उनके पिता परिमल नाथवानी रिलायंस इंडस्ट्रीज में कॉर्पोरेट मामलों के निदेशक और NDA समर्थित राज्यसभा सांसद हैं.
ADVERTISEMENT











