UP News: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में काली नदी किनारे एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है. पशुओं के लिए चारा काट रही 18 वर्षीय सुमन पर अचानक मगरमच्छ ने हमला कर दिया और उसे नदी की ओर खींचने लगा. मौके पर मौजूद उसकी चाची ने बहादुरी दिखाते हुए दरांती से मगरमच्छ पर हमला कर दिया, जिसके बाद मगरमच्छ युवती को छोड़कर नदी में भाग गया. घायल युवती को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. जानकारी के मुताबिक मोहद्दीनपुर गांव की रहने वाली 18 वर्षीय सुमन अपनी चाची के साथ रायपुर मुजफ्ता गांव के पास काली नदी किनारे पशुओं के लिए चारा काटने गई थी. दोपहर करीब तीन बजे दोनों खेत के पास काम कर रही थीं. तभी नदी से निकला मगरमच्छ तेजी से सुमन की तरफ आया और उसके हाथ को जबड़े में दबोच लिया. इसके बाद वह उसे नदी की ओर घसीटने लगा.
ADVERTISEMENT
चाची ने दिखाई हिम्मत, दरांती से किया वार
अचानक हुए हमले से सुमन जोर-जोर से चीखने लगी. यह देखकर उसकी चाची पहले घबरा गईं, लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी. हाथ में मौजूद दरांती से उन्होंने मगरमच्छ की आंख पर लगातार कई वार किए. चाची के हमले से मगरमच्छ घायल हो गया और सुमन को छोड़कर वापस नदी में चला गया. चाची की बहादुरी की वजह से युवती की जान बच सकी.
गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए. परिजन घायल सुमन को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अतरौली लेकर पहुंचे. वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज किया, लेकिन दोनों हाथों में गंभीर चोट होने की वजह से उसे बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल अलीगढ़ रेफर कर दिया गया.
ग्रामीणों ने वन विभाग से कार्रवाई की मांग
इस घटना के बाद इलाके में डर का माहौल है. ग्रामीणों का कहना है कि काली नदी में मगरमच्छों की संख्या लगातार बढ़ रही है और पहले भी कई बार मगरमच्छ दिखाई दे चुके हैं. गांव वालों ने वन विभाग और प्रशासन से नदी किनारे सुरक्षा बढ़ाने और मगरमच्छ पकड़ने के लिए अभियान चलाने की मांग की है, ताकि आगे ऐसी घटनाएं न हों.
ADVERTISEMENT









