30 जुलाई से शुरू हो रहे सावन के पावन महीने को देखते हुए वाराणसी आने वाले श्रद्धालुओं के लिए रेलवे ने विशेष तैयारियां की हैं. वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन पर पूरे सावन माह के दौरान कहीं भी नॉनवेज भोजन नहीं बेचा जाएगा. कैंट स्टेशन के स्टेशन अधीक्षक अर्पित गुप्ता ने इस संबंध में सभी वेंडर्स और खानपान स्टॉलों को कड़े निर्देश जारी कर दिए हैं. यह फैसला श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं को ध्यान में रखते हुए लिया गया है. इसकी सीधी मॉनिटरिंग खुद स्टेशन अधीक्षक करेंगे. इसके अलावा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सुरक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और स्वच्छता के भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं.
ADVERTISEMENT
नॉनवेज पर पूरी तरह पाबंदी
स्टेशन अधीक्षक अर्पित गुप्ता के अनुसार, सावन के दौरान स्टेशन परिसर में केवल शुद्ध शाकाहारी (वेज) खाना ही मिलेगा. हालांकि कैंट स्टेशन पर पहले से ही वेज खाना प्राथमिकता पर रहता है. लेकिन सावन को देखते हुए पूर्ण रूप से नॉनवेज की बिक्री पर रोक लगा दी गई है. खाने की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए फूड सैंपलिंग कराई गई है और पेस्ट कंट्रोल भी पूरा कर लिया गया है. परोसा जाने वाला भोजन FSSAI (भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण) के गुणवत्ता मानकों के अनुरूप होगा.
सावन में दोगुनी भीड़ की उम्मीद
सामान्य दिनों में कैंट स्टेशन पर रोजाना लगभग 90 हजार यात्री आते हैं. लेकिन सावन के दौरान यह संख्या दोगुनी होने की उम्मीद है. इसी को ध्यान में रखते हुए स्टेशन के पहले और दूसरे एंट्री पॉइंट पर हेल्प डेस्क बनाए गए हैं. अत्यधिक भीड़ होने की स्थिति में यात्रियों की सहूलियत के लिए स्पेशल ट्रेनें भी चलाई जाएंगी.
सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के लिए आरपीएफ और जीआरपी से जवानों की संख्या बढ़ाने का अनुरोध किया गया है. पूरे स्टेशन परिसर पर 180 सीसीटीवी कैमरों के जरिए 24 घंटे पैनी नजर रखी जा रही है. इसके अलावा यात्रियों के ठहरने के लिए होल्डिंग एरिया का प्रस्ताव भी जल्द पूरा कर लिया जाएगा.
स्वास्थ्य और आपातकालीन सेवाएं
श्रद्धालुओं की चिकित्सा और सुरक्षा के लिए जिला प्रशासन के सहयोग से स्टेशन पर एम्बुलेंस और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां तैनात रहेंगी. पूरे स्टेशन परिसर में साफ-सफाई और साफ पानी की आपूर्ति के लिए विशेष दिशानिर्देश जारी किए गए हैं.
ADVERTISEMENT











