सहारनपुर में पुलिस सुरक्षा के बीच राखी नामक युवती पर गोली चला दी गई. यह हमला उस वक्त हुआ जब पुलिस की टीम युवती को मेडिकल परीक्षण के लिए अस्पताल लेकर जा रही थी. बाइक सवार हमलावरों ने पुलिस वाहन को निशाना बनाया और युवती की जान ले ली.
ADVERTISEMENT
भाइयों ने ही किया जानलेवा हमला
पुलिस के अनुसार, हमलावर कोई और नहीं बल्कि युवती के सगे भाई रवि और मोंटी थे. राखी कुछ दिन पहले अपने घर से चली गई थी, जिसके बाद परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने उसे बरामद किया था. जब सब-इंस्पेक्टर और महिला कांस्टेबल की टीम उसे अस्पताल ले जा रही थी, तभी दोनों भाइयों ने घात लगाकर हमला कर दिया. गोली लगने से गंभीर रूप से घायल राखी ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया.
पुलिस की मौजूदगी में वारदात से उठे सवाल
इस घटना ने पुलिस सुरक्षा और कस्टडी में मौजूद व्यक्तियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. हालांकि, मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने बहादुरी दिखाते हुए आरोपियों को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन हमलावर वारदात को अंजाम देने में कामयाब रहे. घटना के पीछे पारिवारिक विवाद या सांप्रदायिक दबाव की बातें सामने आ रही हैं, जिसकी पुलिस गहनता से जांच कर रही है.
भारी पुलिस बल तैनात, टीमों का गठन
वारदात के बाद पूरे इलाके में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है. पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों का गठन किया है और दावा किया जा रहा है कि जल्द ही उन्हें सलाखों के पीछे भेजा जाएगा. पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि हमलावरों को पुलिस की मूवमेंट की सटीक जानकारी कैसे मिली.
ADVERTISEMENT









