प्रयागराज के मंदिर में पुजारी की सिर पर वार कर हत्या, सुबह ग्रामीण पहुंचे तो वहीं पड़ा था शव

आनंद राज

• 07:15 PM • 24 Nov 2026

प्रयागराज के भीमकुंड मंदिर में 15 साल से रह रहे पुजारी की हत्या कर दी गई. मंगलवार सुबह मंदिर परिसर में उनका शव मिला. सिर पर गंभीर चोट के निशान थे और पास में दानपात्र टूटा हुआ मिला. पुलिस लूट समेत सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है.

UP Tak
Google CTA

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में एक मंदिर के पुजारी की बेरहमी से हत्या कर दी गई. बदमाशों ने सिर पर वार कर उनकी जान ले ली. पुजारी पिछले करीब 15 साल से मंदिर में ही रह रहे थे और पूजा-पाठ के साथ मंदिर की देखरेख भी करते थे. मंगलवार सुबह मंदिर परिसर में उनका शव मिलने से गांव में हड़कंप मच गया. मौके पर मंदिर का दानपात्र भी टूटा हुआ मिला है. इससे हत्या के पीछे लूट की आशंका जताई जा रही है. हालांकि, पुलिस ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है.

यह भी पढ़ें...

मामला प्रयागराज के थरवई थाना क्षेत्र के मनसहता गांव का है. यहां नदी के किनारे भीमकुंड मंदिर बना हुआ है. मंदिर में बाबा दयाल दास के नाम से रहने वाले पुजारी सोमवार रात तक परिसर में मौजूद थे. मंगलवार सुबह करीब 6 बजे ग्रामीण मंदिर पहुंचे तो वहां उनका शव पड़ा मिला. उनके सिर पर गंभीर चोट के निशान थे. ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी.

घटनास्थल से क्या मिला?

सूचना मिलने पर थरवई थाने की पुलिस मौके पर पहुंची. मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी, थाना प्रभारी और फील्ड यूनिट की टीम को भी बुलाया गया. पुलिस को घटनास्थल से एक आधार कार्ड मिला, जिसके आधार पर मृतक की पहचान जटाशंकर मिश्र के रूप में हुई. वह मंदिर में बाबा दयाल दास के नाम से रहकर पूजा-पाठ करते थे.

पुलिस ने मंदिर परिसर का निरीक्षण किया और मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए. आसपास रहने वाले लोगों से भी पूछताछ की जा रही है. इसके अलावा मंदिर और वहां तक आने वाले रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी जा रही है. पुलिस  पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वारदात से पहले और बाद में मंदिर के आसपास कौन-कौन आया था.

टूटा मिला दानपात्र, लूट के शक में भी जांच

मंदिर परिसर में दानपात्र टूटा हुआ मिला है. इस वजह से पुलिस हत्या के पीछे लूट की आशंका को भी ध्यान में रखकर जांच कर रही है. माना जा रहा है कि बदमाश मंदिर में रखे रुपये चुराने के इरादे से पहुंचे होंगे. हो सकता है कि पुजारी ने इसका विरोध किया हो और इसी दौरान उन पर हमला कर दिया गया हो. हालांकि, अभी यह सिर्फ एक आशंका है. पुलिस ने हत्या की वजह को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी है.

15 साल से मंदिर में रह रहे थे पुजारी

बाबा दयाल दास करीब डेढ़ दशक से भीमकुंड मंदिर में रह रहे थे. वह मंदिर में पूजा-पाठ करने के साथ उसकी देखरेख भी करते थे. मंगलवार सुबह उनकी हत्या की खबर फैलने के बाद ग्रामीणों और मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं में नाराजगी है. लोगों ने पुलिस से आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने और हत्या का खुलासा करने की मांग की है.

फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, लोगों से पूछताछ और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि पुजारी की हत्या किसने की और इसके पीछे क्या वजह थी. दानपात्र टूटने का हत्या से कोई संबंध है या नहीं, यह भी जांच के बाद ही साफ हो सकेगा.