क्या महाकुंभ के हॉस्पिटल की आग में हो गई 8 की मौत? भूलकर भी शेयर नहीं कीजिए इस दावे वाली पोस्ट और वीडियो

यूपी तक

13 Jan 2025 (अपडेटेड: 14 Jan 2025, 04:12 PM)

Mahakumbh Hospital Fire: सोशल मीडिया पर इन दिनों महाकुंभ मेला क्षेत्र में बने अस्थायी हॉस्पिटल में भीषण आग लगने का दावा करने वाला एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है.

fact check of maha kumbh hospital fire break out

fact check of maha kumbh hospital fire break out

Google CTA

Maha Kumbh 2025: सोशल मीडिया पर इन दिनों महाकुंभ मेला क्षेत्र में बने अस्थायी हॉस्पिटल में भीषण आग लगने का दावा करने वाला एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. @NazneenAkhtar23 नामक यूजर ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर यह वीडियो पोस्ट किया है और इसे महाकुंभ में लगी आग का बताया है. इसमें दावा किया जा रह है कि हॉस्पिटल में लगी आग में 8 लोगों की मौत हो गई है. हालांकि, यह दावा पूरी तरह से गलत है. आइए आपको इस दावे का पूरा सच बताते हैं. 

यह भी पढ़ें...

क्या है वायरल वीडियो में?

वायरल वीडियो में आग की तेज लपटें और धुआं उठता हुआ दिखाई दे रहा है. वीडियो को देखकर ऐसा प्रतीत होता है कि किसी अस्थायी ढांचे में आग लगी है. इसे पोस्ट करने वाले यूजर ने दावा किया है कि यह वीडियो महाकुंभ मेला क्षेत्र के हॉस्पिटल का है, जहां आगजनी की यह घटना हुई.

सच्चाई क्या है?

इस दावे का खंडन महाकुंभ मेले की सुरक्षा का जिम्मा संभाल रहे IPS, डीआईजी कुंभ वैभव कृष्ण ने किया है. उन्होंने एक्स पर अपनी पोस्ट में स्पष्ट लिखा:

"यह पूरी तरह से गलत जानकारी है. आप अफवाह फैला रहे हैं. यह वीडियो हमारे द्वारा कुछ दिन पहले आयोजित की गई 'फायर मॉक ड्रिल' का है, जिसे कुंभ मेला पुलिस ने किया था. यदि आपने बिना किसी प्रमाण के इस प्रकार की जानकारी फैलाई तो आपके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी." 

वीडियो की हकीकत

यह वीडियो महाकुंभ क्षेत्र में हुई फायर मॉक ड्रिल का है, जिसे कुछ दिन पहले कुंभ मेला पुलिस ने आपातकालीन स्थितियों से निपटने की तैयारी के लिए आयोजित किया था. मॉक ड्रिल के दौरान जानबूझकर आग लगाई गई और इसे नियंत्रित करने के अभ्यास के तौर पर प्रदर्शित किया गया.

कुंभ पुलिस की कार्रवाई का संदेश

डीआईजी वैभव कृष्ण ने न सिर्फ इस फेक न्यूज़ को खारिज किया, बल्कि अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी है.

फैक्ट चेक का निष्कर्ष

वायरल वीडियो को महाकुंभ मेला क्षेत्र में आग लगने की घटना बताना पूरी तरह से गलत और भ्रामक है. यह वीडियो महाकुंभ मेला क्षेत्र में हुई फायर मॉक ड्रिल का है, जो सुरक्षा व्यवस्था की तैयारी का हिस्सा था. कृपया इस तरह की अफवाहों को न फैलाएं और सत्यापित जानकारी पर ही भरोसा करें.