Mathura News: नौहझील-शेरगढ़ मार्ग पर बुधवार को गंगाजल पाइपलाइन फटने से सड़क पर जलभराव हो गया. तेज बहाव के साथ निकला पानी पूरे मार्ग पर फैल गया, जिससे यातायात करीब दो घंटे तक बाधित रहा. सड़क पर लंबा जाम लगने से वाहन चालकों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा.
ADVERTISEMENT
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पाइपलाइन फटने के बाद काफी देर तक तेज गति से पानी बहता रहा, जिससे शेरगढ़ रोड दरिया जैसा नजर आने लगा. जलभराव के कारण दोपहिया और चारपहिया वाहन फंस गए तथा वाहनों की लंबी कतार लग गई.
स्थानीय लोगों का आरोप है कि घटना की सूचना संबंधित विभाग को तत्काल दे दी गई थी, लेकिन करीब दो घंटे तक कोई अधिकारी या कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा. इस दौरान लाखों लीटर गंगाजल व्यर्थ बह गया और लोगों की परेशानी बढ़ती रही.
क्षेत्रवासियों ने पाइपलाइन की शीघ्र मरम्मत कराने, जलापूर्ति व्यवस्था बहाल करने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए स्थायी समाधान की मांग की है. लोगों ने विभागीय लापरवाही की जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की भी मांग उठाई है.
ADVERTISEMENT










