Mathura Electricity News: मथुरा के फरह उपकेंद्र से रैपुरा जाट फीडर की आपूर्ति लाइन में फॉल्ट आने से रोषू, घड़ी, जलाल, पोरी समेत करीब तीन दर्जन गांवों की बिजली 24 घंटे तक ठप रही. लगातार बारिश के बीच बिजली न होने से ग्रामीणों को पेयजल, घरेलू कार्य और मोबाइल चार्जिंग जैसी दैनिक जरूरतों के लिए भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. गुरुवार को फॉल्ट ठीक होने के बाद आपूर्ति बहाल कर दी गई.
ADVERTISEMENT
फरह उपकेंद्र से विभिन्न गांवों को जाने वाली रैपुरा जाट फीडर की विद्युत लाइन में मंगलवार की रात को फॉल्ट आने से करीब तीन दर्जन गांवों की बिजली 24 घंटे तक गुल रही. बुधवार को पूरे दिन और रात बिजली आपूर्ति बाधित रहने से ग्रामीणों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा.
बिजली आपूर्ति ठप होने से रोषू, घड़ी, जलाल, पोरी, शहजादपुर, रैपुरा जाट, सलेमपुर, भीमनगर, बधाया, पोहुपा बुर्ज, नगला गुर्जी, चुरमुरा सहित आसपास के दर्जनों गांव प्रभावित रहे. लगातार बारिश के कारण उमस और अंधेरे के बीच लोगों का जनजीवन प्रभावित रहा.
बिजली न होने से पेयजल संकट गहरा गया। अधिकांश घरों में सबमर्सिबल और मोटर नहीं चल सकीं, जिससे पानी की समस्या बनी रही। मोबाइल फोन चार्ज नहीं होने से लोगों का संपर्क भी प्रभावित हुआ। वहीं विद्यार्थियों की पढ़ाई, छोटे कारोबार और घरेलू कामकाज पर भी असर पड़ा। रातभर बिजली न रहने से ग्रामीणों को उमस भरी गर्मी के बीच जागकर रात बितानी पड़ी.
विद्युत विभाग के अनुसार लगातार हो रही बारिश से खेतों में पानी भर जाने के कारण लाइन में आए फॉल्ट का पता लगाने में कर्मचारियों को काफी कठिनाई हुई. इससे मरम्मत कार्य प्रभावित रहा.
अवर अभियंता मनमोहन ने बताया कि गुरुवार को फॉल्ट का पता लगाकर उसे ठीक किया जा रहा है. इसके बाद विद्युत आपूर्ति सुचारु रूप से बहाल कर दी जाएगी.
ADVERTISEMENT











